2019 से फरार नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म का आरोपी रायपुर से गिरफ्तार,अलीगढ़ से पीड़िता सकुशल बरामद
शादी का प्रलोभन देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने एवं शारीरिक शोषण के आरोप

महिला एवं बाल अपराधों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए धमतरी पुलिस ने वर्ष 2019 के गंभीर प्रकरण में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
थाना सिटी कोतवाली, धमतरी में दर्ज नाबालिग के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी दीपक कुमार उर्फ दयालु (33 वर्ष), निवासी ग्राम बुढ़ाँसी, थाना हरदुआगंज, जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश को रायपुर से गिरफ्तार किया गया। वहीं, पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से पीड़िता को सकुशल बरामद किया।
वर्ष 2019 में नाबालिग बालिका के लापता होने पर थाना सिटी कोतवाली में धारा 363 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था।थाना सिटी कोतवाली धमतरी को विवेचना के दौरान तकनीकी जानकारी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पीड़िता के अलीगढ़ में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर पीड़िता को सकुशल बरामद किया। पीड़िता के कथन एवं विवेचना में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी द्वारा शादी का प्रलोभन देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने एवं शारीरिक संबंध बनाने के आरोप सामने आए। प्रकरण में धारा 366, 376(2)(i)(n) भादवि एवं धारा 4, 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गईं।
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में फरार आरोपी की पतासाजी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस टीम ने पीड़िता को बरामद करने के बाद प्राप्त जानकारी के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया।
आरोपी को माननीय विशेष न्यायालय, धमतरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
उक्त कार्यवाही में थाना सिटी कोतवाली की सउनि. पुष्पा पांडेय, आरक्षक गजेन्द्र टंडन एवं महिला आरक्षक मीनाक्षी साहू का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।
▪️