Uncategorized

धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता: सिहावा एवं नगरी क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला फरार आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

किराना दुकान, मस्जिद एवं मजार की दान पेटियों सहित मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा, आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम एवं मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में जिले में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना सिहावा पुलिस ने सिहावा एवं नगरी क्षेत्र में चोरी की विभिन्न घटनाओं में संलिप्त फरार आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की.थाना सिहावा में दर्ज अपराध क्रमांक 47/2026, 69/2026, 78/2026 एवं 79/2026 तथा थाना नगरी के अपराध क्रमांक 70/2026 में फरार आरोपी छोटू सोनवानी, पिता फूलसिंग सोनवानी, 27 वर्ष, निवासी स्कूलपारा सिहावा, थाना सिहावा, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़) की लगातार तलाश की जा रही थी।
थाना प्रभारी सिहावा निरीक्षक चक्रधर बाघ द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिलने पर पुलिस टीम रवाना की गई। टीम ने रायपुर से आरोपी को हिरासत में लेकर थाना सिहावा लाया तथा गहन पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने 19 जून 2026 को बाजार चौक स्थित मुरारी किराना दुकान की पेटी में रखे 19,000 रुपये चोरी करना, दिनांक 26 अगस्त 2026 को दानीबांधा स्थित मजार की दान पेटी चोरी करना तथा 7 अक्टूबर 2026 को बाजार चौक स्थित मस्जिद की दान पेटी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने मस्जिद की दान पेटी से निकाली गई चिल्हर राशि को सिहावा पहाड़ी में छिपाकर रखना भी बताया। इसी दौरान पाईकभांठा क्षेत्र से आई-स्मार्ट मोटरसाइकिल चोरी करने की घटना भी सामने आई।
उक्त घटनाओं के संबंध में प्राप्त रिपोर्ट एवं शिकायतों के आधार पर थाना सिहावा में संबंधित अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही थी।
धार्मिक आस्था से जुड़े स्थलों, विशेषकर मस्जिद एवं मजार की दान पेटियों में चोरी की घटनाओं से स्थानीय मुस्लिम समुदाय में आक्रोश व्याप्त था।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन एवं निशानदेही पर उसके द्वारा छिपाकर रखे गए स्थान से एक नग दान पेटी एवं कुल 3,305 रुपये नगद एवं 01 मोटरसाइकिल बरामद की गई।
आरोपी को 14 अक्टूबर 2026 को थाना सिहावा के अपराध क्रमांक 47/2026, 69/2026, 78/2026 एवं 79/2026 में विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात उसे माननीय न्यायालय जेएमएफसी नगरी के समक्ष रिमांड हेतु पेश कर जेल दाखिल किया गया।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी सिहावा निरीक्षक चक्रधर बाघ, सहायक उपनिरीक्षक दुलाल नाथ, प्रधान आरक्षक श्रवण ध्रुव, आरक्षक हरीश कावड़े, आरक्षक प्रमोद गाहड़े एवं डीएसएफ आरक्षक का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!