अर्जुनी क्षेत्र में पुलिस का बड़ा प्रहार, 4 जगहों पर दबिश, 11 जुआरी रंगे हाथ गिरफ्तार

*धमतरी।* धमतरी पुलिस ने जुआरियों पर एक और बड़ा प्रहार किया है। एसपी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर अर्जुनी पुलिस ने थाना क्षेत्र के ग्राम लिमतरा, परेवाडीह और कुरमातराई में 4 अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सार्वजनिक स्थान पर काट-पत्ती जुआ खेलते 11 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त गांवों में सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए सभी स्थानों पर एक साथ दबिश दी। मौके पर जुआरी 52 पत्ती ताश से काट-पत्ती जुआ खेलते पाए गए।
पुलिस ने जुआ फड़ों से कुल 5,520 रुपये नगद एवं ताश की पत्तियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कुल 4 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।
लिमतरा, कला मंच के पास प्रकाश साहू, संजय साहू और शिवानंद निर्मलकर गिरफ्तार। इनके पास से 1,750 रुपये नगद जब्त किया गया.
लिमतरा, कला मंच के पास भूषण लाल बघा, टकेश्वर साहू, संदीप कुमार साहू और परमेश्वर साहू गिरफ्तार। इनके पास से 1,560 रुपये नगद जब्त किया गया.
परेवाडीह, बडरा तालाब के सामने मेन रोड से दुलेश्वर साहू और गंधर्व साहू गिरफ्तार। इनके पास से 950 रुपये नगद जब्त किया गया.कुरमातराई, रंगमंच शेड के नीचे से धनेन्द्र कुमार साहू और नागेश्वर साहू गिरफ्तार। इनके पास से 1,260 रुपये नगद जब्त किया गया.
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने और खिलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
