मराठापारा- बांसपारा में हथियारों के साथ दहशत फैलाने वाले गिरोह पर ध पुलिस का शिकंजा, एक और आरोपी सौरभ हिरवानी गिरफ्तार
तलवार, चाकू और लाठी-डंडों से लैस होकर मोहल्ले में आतंक मचाने वालों पर कोतवाली पुलिस की सख्त कार्यवाही,फरार आरोपी गिरफ्तार

जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना कायम रखने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा लगातार सख्त वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत मराठापारा एवं बांसपारा वार्ड में तलवार, चाकू, लाठी-डंडे एवं अन्य घातक हथियारों से लैस होकर मोहल्ले में दहशत फैलाने वाले नकाबपोश गिरोह के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए प्रकरण के एक और फरार आरोपी सौरभ हिरवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।प्रार्थी द्वारा थाना सिटी कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 21.10.2026 की रात्रि लगभग 12 बजे से 2 बजे के मध्य मराठापारा एवं बांसपारा वार्ड की गलियों में करीब 15 से 20 नकाबपोश युवक, जिनकी उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष थी, मुंह पर गमछा बांधकर एकत्रित हुए थे।
उक्त युवकों के हाथों में लाठी, डंडे, रॉड, तलवार एवं चाकू जैसे घातक हथियार थे। सभी ने एक राय होकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा मोहल्ले के घरों के दरवाजों एवं दुकानों के शटरों को लाठी-डंडों से पीटकर भय एवं दहशत का माहौल निर्मित किया। इस घटना से क्षेत्र के रहवासी भयभीत हो गए तथा घरों से बाहर निकलने में भी असमर्थ रहे। घटना से क्षेत्र में शांति भंग होने एवं गंभीर अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने की आशंका निर्मित हो गई थी.प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 271/2026, धारा 296, 351(2), 191(3), 189(4) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए पूर्व में 24.10.2026 को आरोपी नोमेश पटेल सहित अन्य आरोपियों एवं विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी के दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी सौरभ हिरवानी पिता घनश्याम हिरवानी 20 वर्ष, निवासी रामबाग सब्जी मार्केट, धमतरी की घेराबंदी कर उसे अभिरक्षा में लिया। पूछताछ एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के पश्चात आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर मान.न्यायालय धमतरी के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
,

