Uncategorized

महिमासागर वार्ड में विकास को मिली नई गति, 10.28 लाख की सीसी रोड का महापौर रामू रोहरा ने किया भूमि पूजन

ट्रेंचिंग ग्राउंड से विप्र समाज भवन तक बनेगी सीसी रोड, वार्डवासियों को आवागमन में मिलेगी बड़ी सुविधा

धमतरी- शहर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में महिमासागर वार्ड में ट्रेंचिंग ग्राउंड से विप्र समाज भवन तक 10 लाख 28 हजार रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भूमि पूजन महापौर श्री जगदीश रामू रोहरा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में लोक निर्माण विभाग के अध्यक्ष श्री पिंटू यादव एवं पार्षद श्री अज्जू देशलहरे उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्ड के गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी शहर का सर्वांगीण विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर निगम द्वारा बिना किसी भेदभाव के सभी 40 वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। हमारा उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर आवागमन, स्वच्छ वातावरण और सुविधाजनक जीवन उपलब्ध कराना है। महिमासागर वार्ड में बनने वाली यह सीसी रोड क्षेत्रवासियों की लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता को पूरा करेगी। इससे ट्रेंचिंग ग्राउंड से विप्र समाज भवन तक आवागमन सुगम होगा और नागरिकों को राहत मिलेगी।
महापौर ने आगे कहा कि विकास केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि स्वीकृत कार्यों को समय पर धरातल पर उतारना भी जरूरी है। वार्ड पार्षदों एवं नागरिकों से प्राप्त सुझावों और मांगों के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। हमारा संकल्प है कि धमतरी के प्रत्येक वार्ड में बेहतर सड़क, नाली, पेयजल सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश
आयुक्त अरुण वर्मा ने संबंधित इंजीनियर को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने वार्ड में विकास कार्य की स्वीकृति प्रदान करने एवं भूमि पूजन के लिए महापौर श्री रामू रोहरा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वार्ड की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलना क्षेत्रवासियों के लिए खुशी की बात है।इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने भी सीसी रोड निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!