सिहावा और रत्नाबांधा रोड के बाद अब रायपुर रोड भी धूल से है सराबोर
शहर के अधिकांश मुख्य मार्गो पर छा रहा धूल का गुबार, निवासी, राहगीर, वाहन चालक, व्यापारी है परेशान
सड़क व डिवायडर किनारे महीनों से जमी है धूल की मोटी परत, निगम बरत रही उदासीनता

धमतरी। नगर निगम की निष्क्रियता का परिणाम है कि शहर की जो सड़के पहले धूल की जद में नहीं थी वह भी अब धूल से सराबोर हो चुकी है। हद तो तब हो रही है इसके बाद भी इस मार्ग पर न तो धूल की परत को हटाया जा रहा है और न ही धूल से राहत दिलाने कोई प्रयास हो रहे है।
शहर की प्रमुख सड़कों पर इन दिनों धूल का गुबार लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता जा रहा है। पहले सिहावा रोड और रत्नाबांधा रोड के निवासी, व्यापारी, राहगीर एवं वाहन चालक धूल की समस्या से सबसे अधिक परेशान थे, लेकिन अब नगर निगम की अनदेखी और साफ-सफाई में लापरवाही के चलते शहर के अन्य प्रमुख मार्ग भी धूल से सराबोर हो चुके हैं। सड़कों पर उड़ती धूल और किनारों पर जमी धूल की मोटी परत ने आम नागरिकों का सड़क पर चलना मुश्किल कर दिया है। शहर के प्रमुख मार्गों के किनारे महीनों से धूल की मोटी परत जमा है। दिनभर इन सड़कों से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों के पहियों से धूल उड़कर वातावरण में फैलती रहती है। दोपहिया वाहन चालकों, पैदल चलने वालों और सड़क किनारे दुकान संचालित करने वाले व्यापारियों को इसका सबसे अधिक सामना करना पड़ रहा है। वाहन गुजरते ही सड़क पर धूल का गुबार उठता है, जिससे कुछ देर के लिए आसपास का वातावरण धूलमय हो जाता है।
सेहत के लिए भी खतरा
धूल के लगातार संपर्क में आने से लोगों को आंखों में जलन, आंखों में कचरा जाने, त्वचा संबंधी परेशानी और सांस लेने में तकलीफ जैसी शिकायतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति अधिक कष्टदायक हो सकती है। दुकानदारों की परेशानी भी कम नहीं है। दुकानों के सामने धूल जमने से उन्हें बार-बार सफाई करनी पड़ती है। दुकानों में रखे सामान पर भी धूल की परत जम जाती है, जिससे व्यापारियों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है। शहरवासियों का कहना है कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाओं के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन सड़कों पर जमा धूल को हटाने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव और सफाई जैसी जरूरी व्यवस्था नहीं की जा रही है। केवल औपचारिक सफाई से समस्या का समाधान संभव नहीं है। इसके लिए सड़कों के किनारे जमी धूल की पूरी तरह सफाई और नियमित निगरानी आवश्यक है।
अधिकारी-जनप्रतिनिधि स्वयं धूमे दुपहिया में तब होंगे धूल की समस्या से वाकिफ
इस संबंध में शहरवासी अमित ठाकुर, आकाश देवांगन और सीमा साहू ने चर्चा के दौरान के दौरान कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी बंद एसी गाडिय़ों में चलते है इसलिए उन्हें धूल की समस्या का सामना नहीं करना पड़ता यहां तक शहर आने व यहां से गुजरने वाले अन्य व्हीआईपी भी बंद गाडिय़ों में निकलते यदि उन्हें धमतरी की जनता की परेशानी समझनी है तो या तो दुपहिया या खुली गाडिय़ों से इन मार्गो पर चले कुछ ही दिन में वे स्वयं धूल की समस्या से परेशान हो जायेंगे। लेकिन जनता की सेवा की बात करने वाले नेता अधिकारियों को जनता की तकलीफो से कोई सरोकार नहीं है।
सिहावा रोड की धूल अन्य सड़कों में बन रही धूल का कारण
सिहावा रोड़ पर तो धूल की समस्या काफी गंभीर है ऐसे में व्यापारियों राहगीरों को थोड़ी राहत देने इस पर पानी का छिड़काव किया जाता है। इससे सड़क में कुछ देर के लिए धूल के गुबार से हल्की राहत मिल जाती है। लेकिन चंद मिनट बाद स्थिति जस की तस हो जाती है। लेकिन पानी के कारण गीली सड़़क से पहियों पर धूल कीचड़ के रुप में चिपक जाती है जो आगे घड़ी चौक और रायपुर रोड मार्ग पर सड़क पर फैल जाती है। इससे इन मार्गो पर भी धूल की समस्या और बढ़ती जा रही है।