Uncategorized

अजीम प्रेमजी हाई स्कूल शंकरदाह के विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण

प्रकृति को देखा, विज्ञान और तकनीक के बारे में जाना


धमतरी। शंकरदाह स्थित अज़ीम प्रेमजी हाईस्कूल के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण में अपने आसपास के स्थान को देखा और जाना। शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य है कि विद्यार्थी शिक्षण प्रक्रिया के साथ-साथ अपने परिवेश को समझें। भ्रमण के माध्यम से बच्चे अपने आसपास की दुनिया को कौतूहल से देखते और समझते हैं। इसी उद्देश्य को दृष्टिगत रखकर शैक्षणिक भ्रमण का कार्यक्रम बनाया गया। कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों को 3 अलग-अलग ग्रुप में बांटकर 3 स्थानों का चयन किया गया। एक ग्रुप दूरदर्शन केंद्र रायपुर और महंत घासीदास संग्रहालय गया। दूसरा ग्रुप छत्तीसगढ़ विज्ञान केंद्र और समाचार पत्र के कार्यालय गया। तीसरा ग्रुप नन्दन वन ज़ू नया रायपुर और ऊर्जा पार्क गया। प्रत्येक ग्रुप में 10-10 शिक्षक-शिक्षिका और अन्य स्टाफ साथ में थे। ग्रुप 1 दूरदर्शन केंद्र रायपुर में बच्चों ने देखा किस प्रकार से सैटिलाइट के माध्यम से कार्यक्रम का प्रसारण होता है। दूरदर्शन केंद्र के इंजीनियर और अन्य स्टाफ ने कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग कैसे की जाती है, और इसके लिए कार्यक्रम के पूर्व क्या तैयारी करनी पड़ती है, बच्चों को समझाया। साथ ही बच्चों ने कार्यक्रम का लाइव प्रसारण के लिए क्या प्रक्रिया होती है, उसे भी जाना। विज्ञान और तकनीक से जुड़ी इस प्रक्रिया पर बच्चों ने सवाल भी किए। इसके पश्चात बच्चों को महंत घासीदास संग्रहालय ले जाया गया। यहाँ पर बच्चों ने अपने प्राचीन इतिहास को देखा और जाना। पुरातन कल की मूर्तियाँ, जीवनशैली, खुदाई में मिले अवशेष को करीब से देखना उनके लिए एक अलग अनुभव था। ग्रुप 2 के बच्चे छत्तीसगढ़ विज्ञान केंद्र गए। विज्ञान की दुनिया और छत्तीसगढ़ राज्य की अनेकानेक जानकारियों को एक ही स्थान पर देखना और उनके बारे में जानना बेहद रोचक लगा। विज्ञान केंद्र में 3 डी शो और तारामंडल शो ने सबको आश्चर्यचकित किया। साथ ही विज्ञान पर आधारित ढेर सारे मॉडल और प्रयोग आधारित प्रदर्शनी ने उन्हें प्रेरित किया की वे भी ऐसे प्रयोग कर सकते हैं और करके सीख सकते हैं। ग्रुप 3 के बच्चे को नंदनवन ज़ू और ऊर्जा पार्क का भ्रमण कराया गया। प्रकृति और अन्य प्राणियों को देखना बच्चों के लिए खास था। मन को ताजगी देने के लिए पार्क से बेहतर जगह और कोई नहीं हो सकती है। ऊर्जा के स्त्रोत के संरक्षण के लिए प्रेरित करते मॉडल देखकर बच्चों के मन प्रफुल्लित हो गए। शैक्षणिक भ्रमण में राज्य प्रमुख सुनील कुमार साह, जिला प्रमुख गुलशन यादव, पुरषोत्तम सिंह और शाला के प्रबंधन समिति के सदस्य बिसराम सिंह, यशवंत देवदास, त्रिवेणी साहू, राजेश्वरी कंवर, विजेश साहू, सुनील कुमार साहू, ममता देवांगन और शाला के शिक्षक शिक्षिकाओं एवं अन्य स्टाफ का सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!