Uncategorized

निगम महापौर रामू रोहरा 25 अप्रैल को पेश करेंगे अपने कार्यकाल का प्रथम बजट


धमतरी। महापौर रामू रोहरा अपने कार्यकाल का पहला बजट 25 अप्रैल को पेश करेंगे। निगम के कई ऐसे बड़े प्रोजेक्ट है जिन्हें वर्षो से बजट में शामिल किया जा रहा है। इन बड़े प्रोजेक्ट में ट्रांसपोर्ट नगर, हाइटेक बस स्टैंड, स्वीमिंग पूल, मल्टीलेवल पार्किंग सह व्यवसायिक परिसर, गोल बाजार जीर्णोद्धार, गार्डनो का विकास, तालाबों का सौंदर्यीकरण चौक चौराहों का सौंदर्यीकरण समेत अन्य कार्य शामिल है। इन कार्यो के लिए हर साल बजट में राशि का प्रावधान किया जाता है। स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव भी भेजा जाता है कि शासन से न स्वीकृति मिलती है न फंड मिलता है। अगली साल फिर सिर्फ बजट में राशि बढ़ जाती है। इस स्थिति को देखते हुए लोगो का कहना है कि बजट में शहर की आवश्यकतानुसार सभी योजनाओं को शामिल करना जरुरी है। लेकिन साथ में योजनाओं को शासन से स्वीकृति कराने भी प्रयास होना चाहिए। अगर निगम के बड़े प्रोजेक्ट धरे के धरे रह गये तो उनको बजट में शामिल करने का कोई मतलब नहीं रह जाता है। वैसे सत्ताधारी पार्टी का प्रदेश महामंत्री होने से महापौर रामू रोहरा की संगठन के साथ शासन में भी मजबूत पकड़ है, इसलिए उनसे आपेक्षा की जा रही कि बजट की बड़ी योजनाओं को साकार करने शासन से फंड लाएंगे। इधर बजट में टैक्स में वृद्धि न कर दी जाए इस पर भी लोगो की नजर है। निगम सूत्रों का कहना है कि पहले ही कार्यकाल में शहरी जनता पर कोई नया टैक्स लगाने अथवा टैक्स बढ़ाने से ठीक संदेश नहीं जाएगा, इसलिए टैक्स बढ़ोत्तरी की उम्मीद नहीं है, बल्कि सामान्य सभा की बैठक में आम जनता को राहत देने वाले निर्णय लिये जा सकते है।
सीएम की घोषणा को अमल में लाने महापौर जुटे

सीएम विष्णुदेव साय ने हाल ही में धमतरी के लिए करोड़ो रुपए की घोषणा की,जिसमें नालंदा परिसर 5 करोड़ अंबेडकर चौक से रुद्री, सिहावा चौक से नहरनाका तथा रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक सड़क चौड़ीकरण करीब 100 करोड़ रुपए, नहर केनाल बाइपास करीब 2 करोड तथा मंत्री ने हाइटेक बस स्टैंड के लिए 6 करोड की सहमति दी। इन सभी घोषणाओं में महापौर रामू रोहरा की अहम भूमिका रही, साथ ही उन कार्यो को अमल में लाने जुटे हुए है। महापौर द्वारा सड़क का डीपीआर पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा भेजा गया है। बाकी घोषणाओं को अमल में लाने के लिए निगम द्वारा प्लान तैयार करवा लिया गया है, अब बजट बैठक में परिषद की सहमति की मुहर लगाकर शासन को डीपीआर भेजा जाएगा। उम्मीद की जा रही कि इस प्रक्रिया के बाद शासन से फंड मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा। महापौर विकास को लेकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे ऐसी उम्मीद शहरवासियों को है।
पूछे जाने वाले प्रश्नों का निकाला गया लॉट

सामान्य सभा की बैठक के लिए सोमवार को सभापति कौशिल्या देवांगन की उपस्थिति में पार्षदों द्वारा पूछे जाने वाले प्रश्नों का क्रमवार लॉट निकाला गया। पार्षदों ने कुल 39 प्रश्न लगाये है, जिनमें पहला प्रश्न प्रकाश सिन्हा द्वारा पूछा जाएगा। इसके बाद दीपक सोनकर, उमा ध्रुव, कोमल सार्वा प्रश्न पूछेंगे। प्रश्नोत्तरी के लिए एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है, निर्धारित अवधिमें जो प्रश्न सामान्य सभा में नहीं पूछे जा सकेंगे उसका लिखित में जवाब पार्षदों को दिया जाएगा।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!