रत्नाबांधा रोड में तेज रफ्तार कार की ठोकर से युवक की मौत

धमतरी। एक बार फिर सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली। बुधवार की रात रत्नाबांधा रोड में अज्ञात कार की ठोकर से पैदल चल रहे युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार सागर नागारची 21 वर्ष पिता माखन निवासी रत्नाबांधा पीजी कॉलेज रोड धमतरी, बुधवार की रात खाना खाकर रत्नाबांधा से पैदल धमतरी की ओर आ रहा था। इसी दौरान व्हाइट हाउस के पास एक अज्ञात काले रंग की कार ने जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के समय वहां से गुजर रहे अभय थिटे ने तत्काल वरदान एम्बुलेंस के शिवा प्रधान को हादसे की सूचना दी।सूचना मिलते ही शिवा प्रधान अपने साथी डोमन साहू के साथ एंबुलेंस लेकर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सागर नागारची को मृत घोषित कर दिया।एक और सड़क हादसे में एक युवा जिंदगी खत्म हो गई। अज्ञात वाहन चालक के मौके से फरार होने की सूचना है। पुलिस मामले की जांच कर वाहन एवं चालक की तलाश कर रही है।