व्यापारी कल्याण संघ की हुई बैठक : अतिक्रमण पर मनमाने कार्यवाही का आरोप लगा व्यापारियों ने जताया आक्रोश
सभी मिलकर कार्य करेंगे ताकि भविष्य में किसी भी व्यापारी को बिना सूचना, बिना विकल्प के परेशानी ना उठानी पड़े - भानू चन्द्राकर

कुरुद। व्यापारी कल्याण संघ द्वारा बैठक आहुत की गई। जिसका उद्देश्य मनमाने अतिक्रमण अभियान पर व्यापारियों की पीड़ा को सामने लाना और समाधान की दिशा में सार्थक संवाद स्थापित करना था। व्यापारी संघ अध्यक्ष योगेन्द्र सिन्हा, राकेश जैन और प्रकाश धीवर ने कहा कि व्यापारी वर्ग नगर की स्वच्छता, सौंदर्य और सुव्यवस्था के लिए हरसंभव सहयोग देने को तैयार है लेकिन अचानक बिना सूचना के दुकानें तोडऩा, चिन्हांकन के बिना बुलडोजर चलाना पूरी तरह अनुचित है। यह व्यापारियों की मेहनत और सम्मान पर चोट है। व्यापारियों ने मांग की कि पहले चिन्हांकन हो, समय निर्धारित हो, फिर ही कार्रवाई की जाए। अतिक्रमण हटाने में भेदभाव न हो, बड़े रसूखदारों को न बख्शा जाए और छोटे दुकानदारों को न सताया जाए। पुराना और नया बाजार क्षेत्र में हाई मास्क लाइट की व्यवस्था करने और डुमरतराई मॉडल पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व व्यापार स्थल के लिए भूमि आबंटन करने की मांग रखी। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर ने कहा कि व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय ही समाधान है। हम सभी मिलकर कार्य करेंगे ताकि भविष्य में किसी भी व्यापारी को बिना सूचना, बिना विकल्प के परेशानी ना उठानी पड़े। उन्होंने हाई मास्क लाइट लगाने की घोषणा की और बताया कि डुमरतराई रायपुर की तर्ज पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए जमीन आबंटन प्रस्ताव अगली परिषद बैठक में रखा जाएगा। नगर उपाध्यक्ष और वरिष्ठ पार्षदों ने सीधे तौर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी पर आरोप लगाते हुए कहा है कि यह अभियान तानाशाही अंदाज़ में, बिना किसी पारदर्शिता और निर्वाचित प्रतिनिधियों की सहमति के चलाया जा रहा है। बिना पूर्व सूचना, बिना सर्वे और बिना बैठक के सीधे बुलडोजर लेकर गरीब चौपाटी और ठेला संचालकों पर कार्यवाही की जा रही है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी महेन्द्र राज गुप्ता ने कहा कि परिषद की गतिविधियों से पार्षदों को अवगत कराया जाएगा तथा उनके सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी, जिसकी सूचना भी समय पर दी जाएगी। बैठक में भोजराज चंद्राकर, भारत भूषण पंचायन, कृष्णकांत साहू, किशोर चंद्राकर, राजू चंद्राकर, सुरेश वरदायानी, विकास चंद्राकर, योगेन्द्र साहू, रवि चंद्राकर, धनेश बैस, खिलेन्द्र चंद्राकर, महेश केला, विकास अग्रवाल, अंजोर चंद्राकर, ऋषि सोनी, कन्हैया लालवानी, राज देवांगन, सावन चंद्राकर, जीतेन्द्र आदि उपस्थित थे।
