Uncategorized

नशा उन्मूलन के लिए निकली साइकिल रैली, महापौर रामू रोहरा ने दिखाई हरी झंडी

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश

जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में नशे के खिलाफ जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से आज सुबह 7 बजे पुलिस लाइन रुद्री चौक से गंगरेल तक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। महापौर रामू रोहरा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। समापन गंगरेल रेस्ट हाउस परिसर में हुआ, जहां नशा उन्मूलन को लेकर सभा का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवा क्षणिक आनंद के लिए अपने भविष्य को खतरे में डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की सकारात्मक भूमिका जरूरी है और नशा उन्हें इस राह से भटका रहा है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि नशा समाज की जड़ों को खोखला कर रहा है और खासकर युवा वर्ग इसकी चपेट में आ रहा है। उन्होंने युवाओं से खेल, कला, संगीत जैसे सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने की सलाह दी ताकि वे नशे से दूर रहें और अपने जीवन को संवार सकें।पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य तभी पूरा होगा जब इसमें शामिल प्रतिभागी नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार व आस-पास के लोगों को भी इसके दुष्परिणाम समझाएंगे।इस अवसर पर श्री निषाद ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्त रहने की शपथ दिलाई, जिसमें स्वयं, परिवार और समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में स्कूल व महाविद्यालय के एनसीसी व स्काउट विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, वहीं अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। आभार एसडीएम पीयूष तिवारी ने व्यक्त किया।इस रैली और कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठन, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!