होटल सीजी-05 में युवती की संदिग्ध मौत पर फिर उठे सवाल, परिजनों ने एसपी से मांगी निष्पक्ष जांच
धमतरी। रूद्री रोड स्थित होटल सीजी-05 में कवर्धा निवासी युवती पिंकी मानिकपुरी की संदिग्ध मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। मंगलवार को मृतका के परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और बेटी की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों ने पुलिस की आत्महत्या वाली जांच पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। साथ ही मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार, रूद्री रोड स्थित होटल सीजी-05 में कवर्धा निवासी पिंकी मानिकपुरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया आत्महत्या के एंगल से देख रही है, जबकि मृतका के परिजन इसे संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं। परिजनों का कहना है कि बेटी की मौत की वास्तविक परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच जरूरी है। इसी मांग को लेकर परिवार और समाज के लोग पहले भी कलेक्टर एवं एसपी कार्यालय पहुंच चुके हैं।
मां रोनिया बाई बोलीं—जांच हो, तभी बेटी को मिलेगा इंसाफ
मृतका की मां रोनिया बाई मानिकपुरी ने मामले में पर्याप्त जांच नहीं होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटी की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच होनी चाहिए और घटना की वास्तविकता सामने आनी चाहिए। परिजनों ने अधिकारियों से मांग की है कि उपलब्ध साक्ष्यों, होटल में युवती के आने-जाने और घटना से पहले की परिस्थितियों की बारीकी से जांच कराई जाए। परिजनों ने रूद्री रोड स्थित होटल सीजी-05 के प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठाए हैं। इधर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
