मानसिक रुप से अस्वस्थ युवक ने नानी व मां पर किया प्राण घातक हमला, नानी की मौत

धमतरी. युवक ने अपनी मां और नानी पर डंडा से ताबड़तोड़ हमला कर दिया जिससे नानी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है। घटना सोमवार रात लगभग 8 बजे की है। घर में लखन्तीन ध्रुव 62 वर्ष और बेटी पूर्णिमा ध्रुव 32 वर्ष थी। इसी बीच आरोपी युवक ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।जहां पर इलाज के दौरान आरोपी की नानी लखन्तिन ध्रुव की मौत हो गई। मां पूर्णिमा ध्रुव गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती है। कोतवाली पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवक लेखन ध्रुव 18 वर्ष को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
लापता बुजुर्ग महिला की तालाब में मिली लाश

ग्राम आमदी में सोमवार देर रात से लापता हुई एक महिला का शव मंगलवार सुबह तालाब में मिला। मृतका की पहचान रुक्मणी देवांगन (65 वर्ष), पति दुजराम देवांगन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रुक्मणी देवांगन रात लगभग 11 बजे घर से शौच के लिए निकली थीं। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने आसपास खोजबीन की और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। सुबह करीब 6:30 बजे ग्राम के कुछ युवकों ने कुंभार तालाब में एक महिला का शव देखा और तुरंत गांव व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई की। शव को वरदान एम्बुलेंस सेवा संस्था के शिवा प्रधान और डुमन साहू की मदद से जिला अस्पताल मर्चुरी लाया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
