Uncategorized

एक नवंबर से प्रदेश सरकार करें धान खरीदी – लेखराम साहू


कुरुद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर 1 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन शुरू करने की मांग कांग्रेस के पूर्व विधायक लेखराम साहू ने की है। कहा कि छत्तीसगढ़ अन्नदाता किसानों का प्रदेश है, धान का कटोरा कहा जाता है, यहां पर धान खरीदी की तैयारी बृहद पैमाने पर की जाती है लेकिन इस सरकार में अब तक सहकारिता, मार्कफेड और नान में आपसी समन्वय नहीं बन पाया है, सरकार धान खरीदी की तैयारी को लेकर गंभीर नहीं है। संग्रहण शुरू करने से 3 महीना पहले ही खरीफ सीजन के लिए उपार्जन के तय लक्ष्य के आधार पर आवश्यक बारदानों का अनुमान, उसके खरीदी की व्यवस्था, भुगतान के लिये सरकार की गारंटी पर धनराशि की व्यवस्था, हमाली, परिवहन, मिलिंग, धान खरीदी फड़ और उपार्जन केन्द्रो में चबूतरों की मरम्मत, शेड की रिपेयरिंग, तिरपाल, सुतली, तौलाई मशीन, मॉश्चर मशीन की समुचित व्यवस्था करनी पड़ती है, लेकिन सरकार अब तक सोई हुई है। अर्ली वैरायटी के हरहुना धान पक कर कटाई के लिए तैयार है, लेट वैरायटी के माई धान भी दिवाली के तुरंत बाद कटाई शुरू हो जाएगी, अक्टूबर के अंत तक किसानो का पूरा धान कटाई संपन्न हो जाएगा। मौसम लगातार खराब चल रहा है, किसानों के पास अपने फसल को बचाने के लिए खलियान और कोठानों में स्थान सीमित होते हैं। अपने परिश्रम से उपजाए अन्न को सुरक्षित रख पाना किसानों के लिए आसान नहीं होता है, अत: सरकार को 1 नवंबर से ही धान खरीदी आरंभ करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!