अवैध खनन मामले में जेसीबी जब्त, खेत समतलीकरण कार्य को अवैध खनन बता कार्यवाही के लगे आरोप
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा बिना तत्थात्मक पुष्टि व पर्याप्त जांच के कार्रवाई उचित नहीं, हो निष्पक्ष जांच


नगरी। नगरी ब्लॉक के फरसियां के एक किसान के खिलाफ खेत समतलीकरण के दौरान खनिज विभाग द्वारा की गई कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा से न्याय की गुहार लगाई है। मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब किसान अपने खेत को कृषि योग्य बनाने के लिए समतलीकरण का कार्य कर रहा था, तब उसे अवैध उत्खननकर्ता मानकर कार्रवाई क्यों की गई।
फरसियां निवासी महेश कुमार साहू द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि वह अपनी निजी भूमि पर आगामी कृषि कार्यों को ध्यान में रखते हुए खेत समतलीकरण का कार्य करा रहा था। खेत के ऊंचे हिस्से से निकाली गई मिट्टी का उपयोग उसी खेत के निचले हिस्से में भराव के लिए किया जा रहा था। इस कार्य के लिए उसने किराए पर जेसीबी मशीन मंगाई थी। किसान का आरोप है कि 18 जून को खनिज विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बिना वास्तविक स्थिति की गंभीर जांच किए कार्य को अवैध उत्खनन बताकर जेसीबी जब्त कर ली। जिसके पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा को किसान द्वारा आवेदन सौंपा गया है। जिस पर उन्होंने खनिज विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। सार्वा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसान वास्तव में अपने खेत का समतलीकरण कर रहा था तो बिना पर्याप्त जांच और तथ्यात्मक पुष्टि के उसके खिलाफ कार्रवाई करना न्यायोचित नहीं माना जा सकता। उन्होंने अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने और निर्दोष किसान को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करने की बात कही। इस संबंध में खनिज अधिकारी हेमंत चेरपा ने कहा कि अवैध खनन का मामला सामने आने पर कार्रवाई की गई है। साथ ही संबंधित किसान को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया है।
