भठेली भखारा में भूमिपूजन के साथ सीसी रोड व नाली निर्माण कार्य प्रारंभ
नंप अध्यक्ष ज्योति हरख जैन किया भूमिपूजन

धमतरी। नगर पंचायत भखारा भठेली के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति देते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना एवं भूमि पूजन कर सीसी रोड, नाली निर्माण सहित अन्य आवश्यक कार्यों का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल देखा गया।कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि हरख जैन, उपाध्यक्ष विष्णु साहू, सीएमओ हरि पावरिया, पार्षद हितेंद्र साहू, लोकेश साहू, थानेंद्र सन, रामकृष्ण नेम, राजू सेन, डॉ. रमेश यादव सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, वार्डवासी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इन विकास कार्यों की सराहना की और नगर के समग्र विकास के लिए इसे महत्वपूर्ण कदम बताया। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान वार्डवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से जिन मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता थी, अब उनका समाधान शुरू हो गया है। सीसी रोड और नाली निर्माण जैसे कार्यों से स्वच्छता और आवागमन दोनों में सुधार आएगा।
ज्योति हरख जैन का जनसंपर्क और समस्याओं के समाधान पर जोर
ज्योति हरख जैन लगातार वार्डों में जाकर लोगों से सीधे संवाद कर रही हैं। वे घर-घर पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुन रही हैं और उनके त्वरित समाधान की दिशा में सक्रिय प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर के हर वार्ड में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। विधायक अजय चंद्राकर के सक्रिय मार्गदर्शन एवं नेतृत्व से उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आगे भी इसी प्रकार विकास कार्यों का सिलसिला जारी रहेगा और नगर पंचायत भखारा भठेली को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने भखारा भठेली क्षेत्र की आधारभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है, इसलिए सभी लोग मिलकर स्वच्छता, निर्माण कार्यों और विकास योजनाओं में सहयोग करें।