Uncategorized

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लगा शिविर,पात्र हितग्राहियों को दिया जा रहा लोन

निगम कार्यालय में आयोजित शिविर का आयुक्त व उपायुक्त ने किया निरीक्षण


धमतरी। नगर निगम धमतरी में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य पथ विक्रेताओं को योजनांतर्गत ऋण सुविधा उपलब्ध कराना एवं उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। शिविर स्थल शहरी आजीविका मिशन कार्यालय नगर निगम धमतरी में आयोजित किए जा रहे हैं, जहाँ बैंक सहायता के साथ-साथ आवेदनों को ऑनलाइन ऑनबोर्ड किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक हितग्राही योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। आयुक्त प्रिया गोयल एवं उप आयुक्त पीसी सार्वा ने शिविर स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवेदन प्रक्रिया, हितग्राहियों को दी जा रही जानकारी तथा बैंक प्रतिनिधियों द्वारा की जा रही सहायता की समीक्षा की। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजनात्मक लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए तथा शिविर में आने वाले प्रत्येक आवेदक को संपूर्ण जानकारी और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत सभी किश्तों का समय पर भुगतान अनिवार्य है। केवल पिछली किश्त का पूरा भुगतान करने के बाद ही अगली किश्त स्वीकृत की जाएगी। हितग्राहियों से अपील की गई कि वे निर्धारित समय सीमा में किश्तों का भुगतान अवश्य करें ताकि उन्हें योजना का निरंतर लाभ मिलता रहे। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को बिना जमानत के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे अपने व्यवसाय को पुन: स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें। नगर निगम द्वारा सभी वार्डों में इस योजना के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रथम किस्त की राशि लेने के बाद उसे जमा करना भी जरूरी है ताकि दूसरी किस्त की लोन मिल सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!