जब-जब छात्रों के अधिकारों का हनन होगा, एनएसयूआई सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगा-राजा देवांगन
बिलासपुर विश्वविद्यालय घेराव में शामिल हुए एनएसयूआई जिलाध्यक्ष

गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिलासपुर में विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही, छात्र अधिकारों के दमन एवं मृतक छात्र अर्सलान के लिए न्याय की मांग को लेकर एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष श्री नीरज पांडे के नेतृत्व में ऐतिहासिक घेराव एवं विरोध प्रदर्शन किया गया।जिसमें वरिष्ठ पदाधिकारी व संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ धमतरी जिला अध्यक्ष राजा देवांगन ने भी अपने साथियों सहित सक्रिय भागीदारी निभाई।प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मृतक छात्र अर्सलान के लिए शीघ्र न्याय, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा संबंधी व्यावहारिक कदम उठाने की मांग की। विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही और असंवेदनशीलता के कारण कई निर्दोष छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है, जिसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।एनएसयूआई धमतरी जिला अध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा कि जब-जब छात्रों के अधिकारों का हनन होगा, एनएसयूआई सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगा तथा किसी भी निर्दोष छात्र के साथ अन्याय या प्रशासनिक तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मृतक छात्र के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए परिवार को न्याय दिलाने हेतु हर संघर्ष में साथ देने का आश्वासन दिया।
आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कुलपति को ज्ञापन सौंपा, जिसमें -मृतक छात्र अर्सलान को न्याय,अभियान में शामिल छात्र सुदीप शास्त्री व सार्थक मिश्रा पर लगाए आरोप हटाने और निष्कासित छात्रों की बहाली,छात्र सुरक्षा हेतु ठोस नीति लागू करने व दोषियों पर सख्त कार्रवाई शामिल थीं।एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे और धमतरी जिला अध्यक्ष राजा देवांगन ने विश्वविद्यालय प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि यदि उनकी मांगें शीघ्र स्वीकार नहीं की गईं तो आगे और आंदोलन और उग्र किया जाएगा।इस घेराव में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन के साथ ओमप्रकाश मानिकपुरी, नमन बंजारे, नोमेश सिन्हा, सुदीप सिन्हा, विवेक, अनुज समेत कई एनएसयूआई कार्यकर्ता शामिल हुए।।




