भरदा में हुई क्रूर घटना के पीडि़तों से विधायक ओंकार साहू ने की मुलाकात , अपराधिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई के सख्त निर्देश

धमतरी। बालोद जिला अंतर्गत थाना गुरूर क्षेत्र में भरदा के पास घटित अमानवीय, निंदनीय एवं क्रूर घटना के पीडि़त—बलराम साहू (पिता कुलंजन साहू), सतीष साहू (पिता बहुर साहू) एवं वेदप्रकाश साहू (पिता शिवराम साहू), निवासी ग्राम रावा, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी—से धमतरी विधायक माननीय ओंकार साहू ने उनके गृह ग्राम रावा पहुँचकर मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। विधायक श्री साहू ने पीडि़तों के उपचार की जानकारी लेकर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। ज्ञात हो कि ग्राम भरदा के पास 6 दिसंबर की रात्रि अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा पीडि़तों के साथ 20 – 25 से लोगों ने बेरहमी से मारपीट, लूटपाट एवं जान से मारने का प्रयास किया गया। इस घटना में पीडि़तो को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरूर से रेफर कर धमतरी के निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। वर्तमान में पीडि़त का उपचार उनके घर पर ही जारी है। विधायक ओंकार साहू ने इस घटना को मानवता को शर्मसार करने वाली बताते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर आरोपियों की तत्काल पहचान, गिरफ्तारी एवं कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मौके पर धमतरी विधायक ओंकार साहू के साथ गोपालन पटेल (पूर्व सरपंच), श्रीमती देहुती साहू, जीवराज साहू, लालचंद साहू, भुनेश्वर सिन्हा , धर्मेंद्र पटेल, दानी सिन्हा, हुलास पटेल, त्रिलोकी साहू, पीडि़त परिवारजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


