धमतरी के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य एवं केंद्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किए जाएंगे हर संभव प्रयास – ओंकार साहू
धमतरी विधायक ने क्षेत्रवासियों को दी नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं

धमतरी। धमतरी विधायक ओंकार साहू ने क्षेत्रवासियों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आने वाले वर्ष में क्षेत्र के विकास हेतु बजट में शामिल सभी स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने बताया कि इनमें हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण, रत्नाबांधा से मुजगहन तक फोरलेन सड़क निर्माण, सिहावा चौक से कोलियारी चौक तक फोरलेन सड़क निर्माण, तथा गंगरेल से डूबान क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन योजनाओं से क्षेत्र की आधारभूत संरचना सुदृढ़ होगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि धमतरी शहर के चारों ओर बाईपास रोड से जुड़ा हुआ रिंग रोड निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इस विषय को लेकर नववर्ष में केंद्रीय परिवहन मंत्री को अवगत कराया जाएगा, ताकि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम किया जा सके और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित सड़क व्यवस्था विकसित की जा सके। विधायक ओंकार साहू ने कहा कि धमतरी के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य एवं केंद्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर हर संभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि धमतरी को विकास के नए आयाम तक पहुँचाया जा सके।

