Uncategorized

शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में प्राचार्यों को सख्त निर्देश

बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने कलेक्टर का अल्टीमेटम, लक्ष्य तय

धमतरी 07 जनवरी 2026/जिले में आगामी बोर्ड परीक्षाओं के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं जिले के समस्त प्राचार्यों की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि कक्षा 10 वीं का न्यूनतम 80 प्रतिशत एवं कक्षा 12 वीं का 90 प्रतिशत से अधिक परीक्षा परिणाम सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन विद्यालयों के परिणाम आशानुरूप नहीं होंगे, उसकी जिम्मेदारी संबंधित प्राचार्य की होगी तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ होने में अब बहुत कम समय शेष है, ऐसे में सभी अधिकारी एवं प्राचार्य बच्चों की पढ़ाई पर पूरा फोकस करें, ताकि परीक्षा परिणाम में उल्लेखनीय सुधार हो सके।
उन्होंने सभी बीआरसी, बीईओ, एपीसी, डीएमसी एवं डीईओ को सतत निरीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन देने तथा तुलनात्मक समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक विकासखंड से कम से कम 5-5 विद्यालयों को शत्-प्रतिशत परीक्षा परिणाम हेतु चिन्हांकित करने को कहा।
कलेक्टर ने अर्धवार्षिक परीक्षा के आधार पर कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर विशेष अध्यापन योजना तैयार करने एवं मेधावी विद्यार्थियों की सूची बनाकर उन्हें और बेहतर मार्गदर्शन देने के निर्देश जिला एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक प्रत्येक सप्ताह आयोजित की जाए और प्रगति पर नियमित चर्चा हो।
इसके अलावा विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए विगत 5 वर्षों के प्रश्नपत्र हल कराने के निर्देश दिए गए। सभी शिक्षकों का टैज्ञ ऐप में पंजीयन सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान कलेक्टर ने विद्यालयों में विषयवार प्राप्त अंकों की भी समीक्षा की।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती कल्पना ध्रुव, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अभय जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!