अंतर्राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन कोर्ट पर परचम लहराने वाले खिलाड़ी व प्रशिक्षक का विधायक अजय चन्द्राकर ने किया सम्मान

कुरुद। कुरुद विधानसभा के ग्राम परखंदा के एक साधारण आंगन से निकलकर नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन कोर्ट पर भारत का तिरंगा फहराने वाले नरेंद्र कुमार आज कुरुद के यूथ आइकॉन बन चुके हैं। उनकी इस सफलता का उत्सव उस समय और भी गरिमामयी हो गया, जब पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने उन्हें अपने निवास कार्यालय में विजयी तिलक लगाया। 1 से 5 जनवरी 2026 तक नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में मुख्य खेल प्रशिक्षक गोपाल साहू के अनुशासन और नरेंद्र के अडिग संकल्प का ही परिणाम है कि आज कुरुद का नाम अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर चमक रहा है। विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि नरेंद्र ने केवल एक पदक नहीं जीता है, बल्कि उन्होंने कुरुद के हजारों युवाओं के सपनों को पंख दिए हैं। लोग कहते हैं कि ग्रामीण परिवेश में सुविधाओं का अभाव है, लेकिन नरेंद्र ने सिद्ध कर दिया कि यदि कोच गोपाल साहू जैसा गुरु और नरेंद्र जैसा समर्पित शिष्य हो, तो अभाव भी प्रभाव में बदल जाते हैं।

