शिव मंदिर स्थापना : डीपीएस किड्स एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल धमतरी मे निकली भव्य कलश यात्रा, शिवमय हुआ शहर का वातावरण
श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महोत्सव मे विद्यार्थियों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

धमतरी। डीपीएस सांकरा धमतरी में शिव मंदिर स्थापना महोत्सव के अवसर पर बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक आस्था और उत्साह से ओत-प्रोत इस यात्रा में विद्यालय के निदेशक धीरज एवं निधि अग्रवाल, प्राचार्य डॉ नीतिन कुमार शर्मा सहित विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। पूरे मार्ग में भगवान शिव के जयघोष, भजन-कीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कलश यात्रा का शुभारंभ विद्यालय परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा की अगुवाई की, वहीं विद्यार्थी हाथों में धार्मिक ध्वज एवं संदेश लिए शामिल हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए और विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नितिन कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यालय परिसर में शिव मंदिर की स्थापना विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और संस्कारों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले अभिभावकों, विद्यालय परिवार और सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। कलश यात्रा के समापन के बाद मंदिर स्थापना से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजा-विधि प्रारंभ हुई। पूरे आयोजन में अनुशासन और श्रद्धा का सुंदर समन्वय देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक यादगार आयोजन बताया।