ग्राम मुजगहन के चार युवाओं का भारतीय सुरक्षा बलों में चयन, गांव में हर्ष

धमतरी। ग्राम मुजगहन के लिए अत्यंत गौरव का पल आया जब एक साथ गांव के चार युवाओं का चयन देश की प्रतिष्ठित सुरक्षा बलों में हुआ है। इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरा गांव गौरान्वित महसूस कर रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार समीर गोस्वामी का चयन असम राइफल्स, सोमप्रकाश ध्रुव का चयन बीएसएफ, शेखर ध्रुव का चयन सीआरपीएफ तथा राहुल साहू का चयन सीआईएसएफ में हुआ है। चारों युवाओं ने मेहनत, अनुशासन और लगन से यह सफलता हासिल की है। इस अवसर पर सरंक्षक युवा बिग्रेड मुजगहन एवं युवा भाजपा नेता देवेश साहू के नेतृत्व में चयनित युवाओं के निवास स्थान पर बाजे-गाजे के साथ भव्य स्वागत-सम्मान किया गया। इसके साथ ही गांव भ्रमण कराया गया, जिसमें गांव के युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर देशभक्ति का उत्साह और गर्व का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं परिजनों ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दी।
