Uncategorized

रेल्वे लाईन से संबलपुर हो रहा दो भागो में विभाजित, ग्रामीणों ने की अंडर ब्रिज निर्माण की मांग

महापौर रामू रोहरा ने मांगो का किया समर्थन


धमतरी। रेलवे लाइन का मार्ग सम्बलपुर वार्ड क्रमांक 17 और 18 के बीच से होकर गुजर रहा है, जिससे गांव का एक बड़ा हिस्सा दो भागों में बंटने की स्थिति बन गई है। इसी को लेकर ग्रामीणों ने भविष्य में होने वाली परेशानियों को देखते हुए रेलवे ट्रैक पर अंडर ब्रिज निर्माण की मांग तेज कर दी है। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता जिला कार्यालय पहुंचे और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में जिस स्थान से रेलवे लाइन गुजर रही है, उसके एक ओर मुख्य केनाल स्थित है और दूसरी ओर लगभग 350 एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि है। इस क्षेत्र में रोजाना सैकड़ों किसान खेती-किसानी के कार्य के लिए आते-जाते हैं। यदि अंडर ब्रिज का निर्माण नहीं किया गया तो उन्हें लंबा चक्कर लगाकर जाना पड़ेगा या फिर जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करना मजबूरी बन जाएगा। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि वार्ड क्रमांक 18 में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-3 संचालित है, जहां छोटे-छोटे बच्चे पढऩे और पोषण आहार लेने प्रतिदिन आते हैं। इसके अलावा इसी मोहल्ले में करीब 300 की आबादी निवास करती है, जिनकी दैनिक जरूरतों, स्कूल, बाजार और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवाजाही इसी मार्ग से होती है। क्षेत्र में गौठान भी स्थित है, जहां मवेशियों की नियमित आवाजाही होती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अंडर ब्रिज नहीं बना तो मवेशियों के रेलवे ट्रैक पर चढऩे से हादसों की आशंका और बढ़ जाएगी। साथ ही इसी मोहल्ले में एक प्राचीन देवगुड़ी स्थापित है, जहां हर वर्ष दीपावली के अवसर पर देवस्थापना, पूजा-अर्चना और ग्रामीणों का सामूहिक धार्मिक आयोजन होता है। इस मांग को लेकर महापौर रामू रोहरा ने भी ग्रामीणों का समर्थन किया। उन्होंने कहा, रेलवे लाइन का विस्तार निश्चित रूप से विकास का प्रतीक है, लेकिन विकास तभी सार्थक है जब आम जनता की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित हो।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!