Uncategorized

चार दशक से शिक्षा की अलख जगा रहीं श्रीमती बी.मैथ्यू

विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को संवारना ही मानती हैं अपना सबसे बड़ा पुरस्कार


धमतरी। धमतरी जिले की एक प्रेरणादायक शिक्षिका श्रीमती बी. मैथ्यू शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण और सेवा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। वर्तमान में वे शासकीय शिव सिंह वर्मा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धमतरी में पदस्थ हैं और लगभग चार दशकों से शिक्षा की अलख जगाकर विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का कार्य कर रही हैं। उनके मार्गदर्शन में पढ़े अनेक विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर समाज में अपनी पहचान बना रहे हैं। कोई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर प्रशासनिक सेवाओं की ओर बढ़ रहा है, तो कई विद्यार्थी इंजीनियर, डॉक्टर और शिक्षक बनकर देश के विकास में योगदान दे रहे हैं। श्रीमती बी. मैथ्यू बताती हैं कि उन्होंने वर्ष 1989 में माध्यमिक शाला धमतरी में व्याख्याता (गणित) के रूप में अपने शैक्षणिक जीवन की शुरुआत की थी। इससे पहले उन्होंने शासकीय एटीआईएस रिसर्च सेंटर में जूनियर साइंटिस्ट के रूप में भी कार्य किया था। हालांकि उनके भीतर समाज के लिए कुछ सार्थक करने की तीव्र इच्छा थी। यही कारण रहा कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र को अपना जीवन उद्देश्य बनाया। मिनी पीएससी की तैयारी कर उन्होंने व्याख्याता के पद पर चयन प्राप्त किया और तभी से वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों को शिक्षित करने में लगी हुई हैं। श्रीमती मैथ्यू का मानना है कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और जीवन मूल्यों को विकसित करने का माध्यम भी है। वे विद्यार्थियों को गणित जैसे विषय को सरल और रोचक तरीके से समझाने के साथ-साथ अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास का महत्व भी सिखाती हैं। उनके पढ़ाने का तरीका इतना प्रेरणादायी है कि विद्यार्थी पढ़ाई के प्रति स्वाभाविक रूप से रुचि लेने लगते हैं। वे कहती हैं कि बच्चों को पढ़ाना उनके लिए केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्रीमती बी. मैथ्यू का संदेश है कि यदि महिलाओं को शिक्षा, अवसर और परिवार का सहयोग मिले तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। वे मानती हैं कि समाज की प्रगति में महिलाओं की भागीदारी जितनी मजबूत होगी, देश उतनी ही तेजी से आगे बढ़ेगा। श्रीमती बी. मैथ्यू का चार दशकों का शिक्षण अनुभव, उनका समर्पण और विद्यार्थियों के प्रति उनका स्नेह आज धमतरी जिले के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वे न केवल एक आदर्श शिक्षिका हैं, बल्कि नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बनकर शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव की ज्योति प्रज्ज्वलित कर रही हैं।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!