सहकारिता हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ है-डॉ दीक्षित
सहकारिता नीति को सफल करना हम सभी का दायित्व

धमतरी-विकासखंड मगरलोड क्षेत्रांतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित सिंगपुर में एकदिवसीय कार्यशाला “सहकारिता नीति” पर 10 मार्च को ग्राम पंचायत सिंगपुर के भवन में जिला सहकारी संघ धमतरी द्वारा माधव सिंह ध्रुव पूर्व अध्यक्ष जनपद पंचायत मगरलोड, पैक्स सिंगपुर के प्राधिकृत अधिकारी राधेलाल सिन्हा, पूर्व अध्यक्ष पैक्स सिंगपुर जितेंद्र गंगासागर, धनंजय साहू, सरपंच ग्राम पंचायत सिंगपुर लोमेश्वर साहू, प्रवक्ता डॉक्टर ए एन दीक्षित की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉक्टर दीक्षित ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए देश की अर्थव्यवस्था के प्रत्येक क्षेत्र का सुदृढ़ीकरण नितांत आवश्यक है। किसी भी अंग के कमजोर रह जाने पर यह महत्वाकांक्षी लक्ष्य प्राप्त करना कठिन होगा। यही कारण है कि देश की सरकार कृषि, उद्योग, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, यातायात जैसे सभी क्षेत्रों के संचालन हेतु लक्ष्य आधारित नीतियां तैयार कर रही है। सहकारिता हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ है, अतः ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने हेतु 2025 में केंद्र सरकार ने नई सहकारिता नीति को अपनाया है। नीति का प्रारूप पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने तैयार किया है। नई सहकारिता नीति सहकारिता को धरातल पर मजबूत करने पर जोर देती है। इसके लिए सहकारी समितियों में लोकतांत्रिक निर्वाचन, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, समितियों के विश्वसनीय डेटाबेस और समितियों में व्यवसायिक दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर दिया गया है। सहकारी नीति कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर केंद्र और राज्यों के बीच टकराव को समाप्त करने पर जोर देती है। आधुनिक तकनीक को अपनाकर डिजिटल क्रांति के द्वारा ही सहकारी समितियां प्रतिस्पर्धी बन सकती है। सहकारिता नीति समितियों के क्रियाकलापों को क्रमशः पेपर लेस बनाने की वकालत करती है। वित्तीय समावेशन में वृद्धि हेतु आगामी 5 वर्षों में सभी गांव किसी न किसी समिति की परिधि में शामिल किया जा सके, समितियां आवश्यकता अनुसार शीत गृहों की स्थापना कर सके, सहकारी समितियों के बीच आपसी सहयोग को और अधिक बढ़ावा देना, प्रत्येक जिले में कम से कम एक गांव को आदर्श सहकारी गांव के रूप में विकसित करना जैसे अनेक उपाय नई सहकारिता नीति में सुझाए गए हैं।कार्यक्रम में माधव सिंह ध्रुव ने कहा कि शासन द्वारा शून्य ब्याज की नीति ने कृषकों के जीवन को उन्नत किया है। अन्न भंडारण योजना का हमें लाभ उठाना चाहिए। सरपंच लोमेश्वर साहू ने सभी अतिथियों का स्वागत कर प्रशिक्षण का आधिकाधिक लाभ उठाने उपस्थित जनों से अपील की। जितेंद्र गंगासागर ने कहा कि समृद्धि के लिए किसानों को फसल चक्र परिवर्तन और जैविक खेती को अपनाना चाहिए। कार्यक्रम को मंचस्थ अतिथियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सहकारी क्षेत्र से जुड़े कृषक व सहकारी सदस्यो की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन संघ प्रबंधक ए पी गुप्ता तथा आभार प्रदर्शन पैक्स सिंगपुर प्रबंधक कृष्ण कुमार साहू ने किया।
