गैस सिलेंडर की किल्लत से मजबूत विदेश नीति का दिखावा करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व उनकी सरकार की खुली पोल -सुमीत जैन
पहले सिलेंडर के दाम में वृद्धि फिर सिलेंडर की किल्लत से परेशान हो रही जनता

धमतरी। युवा कांग्रेस नेता सुमीत जैन ने कहा राज्य की साय सरकार व केन्द्र की मोदी सरकार वाली डबल इंजन सरकार जनता के भरोसे पर खरा नहीं उतर पाई है। हर मोर्चे पर सरकार असफल साबित हुई है। मजबूत विदेश नीति का दिखावा करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व उनकी सरकार की पोल ईरान, इजराइल अमेरिका युद्ध के शुरुआत में ही खुल गई है जहां पहले से ही मंहगाई त्रस्त जनता पर गैस सिलेण्डर के दाम में मनमाने वृद्धि की गई। उसके बाद भी आम जनता को गैस सिलेण्डर के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
युवा नेता सुमीत जैन ने आगे कहा कि आम जनता को समय पर सिलेण्डर नसीब नहीं हो पा रहा है। सिलेण्डर के लिए लोग परेशान है, घंटो गैस एजेंसी में कतार में लगे रहने के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। सिलेण्डर की किल्लत की स्थिति जग जाहिर हो चुकी है। उस पर सरकार व प्रशासन पर्याप्त स्टाक होने का झूठा दिलासा जनता को दे रही है। इससे सरकार की असफल नीतियां उजागर हो रही है। हाल ही में केन्द्र सरकार द्वारा घरेलु व व्यवसायिक गैस सिलेण्डर के दाम में वृद्धि की गई है जिस पर कांग्रेस द्वारा पुरजोर विरोध किया जा रहा है। एक तरफ सरकार विकास और राहत के बड़े-बड़े दावे करती है। वहीं दूसरी तरफ महंगाई बढ़ाकर आम जनता की जेब पर लगातार बोझ डाला जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने भाषणों में जनता को आकर्षित करने की कोशिश करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। सरकार की कथनी और करनी में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है और अब जनता भी इसे समझ चुकी है। हाल ही में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और व्यावसायिक सिलेंडर में 115 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई है। रसोई से जुड़ी लगभग हर चीज महंगी हो चुकी है। अब गैस सिलेंडर की कीमत बढऩे से घर का बजट पूरी तरह बिगड़ जाएगा और रसोई का खर्च और बढ़ जाएगा।
जनता राज्य की विष्णुदेव साय सरकार व केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के नीतियों से त्रस्त हो चुकी है। बढ़ोत्तरी के बाद अब गैस सिलेण्डर की किल्लत शुरु हो गई है। आम जनता सिलेण्डर की बुकिंग कराने के पश्चात इंतजार करने मजबूर है। ऐेसे में जनता केन्द्र सरकार की नाकाम नीतियों को कोस रही है। एक ओर सुशासन का दावा भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा है वहीं दूसरी ओर प्रदेश में अपराध नशे की खेती, बदहाल कानून व्यवस्था, ठप विकास से जनता भाजपा सरकार की हकीकत समझ चुकी है।
