Uncategorized

नेशनल गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों ने कलेक्टर से की मुलाकात

जिले में खेल संस्कृति को और बढ़ावा देने प्रशिक्षण शिविर, प्रतियोगिताएं और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी: कलेक्टर

धमतरी-कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से रेस्ट हाउस में हाल ही में नेशनल गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों ने सौजन्य मुलाक़ात की । कलेक्टर श्री मिश्रा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जिले में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए प्रशिक्षण शिविर, प्रतियोगिताएं और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने जिले में खेल गतिविधियों को नई दिशा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपस्थित खेल संघों के पदाधिकारियों से संवाद किया । खेलों के समग्र विकास, खिलाड़ियों के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर ने सभी खेल संघों के पदाधिकारियों से संवाद करते हुए खेल सामग्री की उपलब्धता, नए खेल मैदानों के निर्माण, प्रशिक्षण सुविधाओं के उन्नयन और प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के संबंध में सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष लक्ष्मण साहू (पहलवान) ने कुश्ती खेल को बढ़ावा देने हेतु समर्पित हॉल निर्माण का प्रस्ताव रखा, जिस पर कलेक्टर ने कांटा तालाब के समीप हॉल निर्माण के लिए सहमति जताई। वहीं, फ्रीडम अकैडमी के संचालक लोकेश साहू द्वारा आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आवास व्यवस्था का सुझाव दिया गया, जिस पर कलेक्टर ने लाइवलीहुड कॉलेज में अस्थायी ठहराव की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर एसडीएम एवं जिला खेल अधिकारी पीयूष तिवारी,विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। सभी ने जिले में खेलों के विकास हेतु समन्वित प्रयासों पर सहमति व्यक्त की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!