महापौर रामू रोहरा के प्रयास से धमतरी को पीएम आवास योजना 2.0 में बड़ी सौगात, 145 आवासों को मिली स्वीकृति

धमतरी। महापौर रामू रोहरा के प्रयासों से शहर को प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति की 6वीं बैठक में धमतरी नगर पालिक निगम के लिए 145 आवासों की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति इंद्रप्रस्थ कॉलोनी (58) एवं स्वीपर कॉलोनी (87) के स्लम पुनर्वास हेतु आवास निर्माण के लिए मिली है।
इस परियोजना की कुल लागत 8 करोड़ 33 लाख 75 हजार रुपए स्वीकृत हुई है। इसमें केंद्रांश 2 करोड़ 17 लाख 50 हजार, राज्यांश 4 करोड़ 6 लाख तथा हितग्राही अंशदान 2 करोड़ 10 लाख 25 हजार रुपए शामिल हैं। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।महापौर रामू रोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत मिली यह स्वीकृति धमतरी के शहरी गरीबों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “सबका साथ, सबका विकास” और “हर गरीब के सिर पर छत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में धमतरी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
महापौर ने कहा कि लंबे समय से स्लम क्षेत्रों के पुनर्वास की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से मूर्त रूप मिल रहा है। इस योजना से 145 परिवारों को सुरक्षित और बेहतर आवास सुविधा मिलेगी तथा उनके जीवनस्तर में सुधार आएगा।
उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार , मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरूण साव , टंकराम , रूपकुमारी चौधरी जी का आभार जताते हुए कहा कि नगर विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे और धमतरी को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

