
धमतरी। कुरुद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सेमरा बी और बारना के बीच स्थित नदी में सोमवार सुबह एक अज्ञात युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नदी के पानी में शव को तैरता देख ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह जब ग्रामीण नदी की ओर नहाने गए थे, तब उन्होंने पानी में एक शव को उपलाते हुए देखा। सूचना मिलते ही कुरुद पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि मृतक ग्राम दोनर स्थित एक चिमनी भ_े में मजदूरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह मजदूर प्रतिदिन काम के बाद नदी में नहाने के लिए आता था। आशंका जताई जा रही है कि सोमवार को भी वह नहाने पहुँचा होगा और गहरे पानी का अंदाजा न होने के कारण डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, अभी तक मृतक के नाम और पते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और शिनाख्त की कार्रवाई तेज कर दी है। कुरुद पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
खेत में मिली बुजुर्ग महिला की लाश, नरहरपुर के थानाबांडी गांव की घटना
नरहरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम थानाबांडी में एक 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव खेत में मिलने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम थानाबांडी निवासी बुधंतीन बाई (61 वर्ष) रविवार को अपने खेत की रखवाली करने के लिए घर से निकली थीं। जब देर शाम तक वह घर वापस नहीं लौटीं, तो चिंतित परिजन उनकी तलाश में खेत की ओर गए। वहां उन्होंने महिला को अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ा पाया। परिजन आनन-फानन में बुजुर्ग महिला को लेकर धमतरी स्थित जिला अस्पताल पहुँचे, जहाँ परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी या अचानक ब्लड प्रेशर बढऩे और चक्कर आने जैसी शारीरिक तकलीफ के कारण महिला की मौत हुई होगी। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। नरहरपुर पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग दर्ज कर लिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।


