Uncategorized

जिला पंचायत धमतरी की विशेष सामान्य सभा सम्पन्न, विभिन्न विभागों के कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा

जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए -अरूण सार्वा

धमतरी – जिला पंचायत धमतरी के सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा की अध्यक्षता में विशेष सामान्य सभा बैठक सम्पन्न हुआ। सभाकक्ष में जिले के विकास कार्यों, जनहित योजनाओं तथा विभिन्न विभागों की प्रगति की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिले के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में महत्वपूर्ण चर्चा की।सभा में मुख्य रुप से जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गौकरण साहू, सदस्य टीकाराम कंवर, अजय ध्रुव, श्रीमती मोनिका देवांगन, श्रीमती पूजा सिन्हा, श्रीमती कुलेश्वरी गायकवाड़, श्रीमती धनेश्वरी साहू, श्रीमती अनिता ध्रुव, श्रीमती मीना साहू, श्रीमती गरिमा धनुष नेताम तथा जनपद पंचायत धमतरी की अध्यक्ष श्रीमती अंगीरा ध्रुव,जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष श्री विरेन्द्र साहू उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह ठाकुर, लेखाधिकारी चंदन टंडन, उपसंचालक नकुल प्रसाद वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
विशेष सामान्य सभा में विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की क्रमवार समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण कुमार सार्वा ने सभी विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्य प्रगति, उपलब्धियों तथा लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा समय-सीमा में योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया, खराब लाइनों की मरम्मत, नए विद्युत कनेक्शन तथा किसानों को कृषि पंपों के लिए बिजली उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों ने कई क्षेत्रों में लो-वोल्टेज, अनियमित बिजली आपूर्ति और खराब ट्रांसफार्मरों की समस्याएं उठाई। अध्यक्ष श्री सार्वा ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए तथा गर्मी के मौसम को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा ने ऊर्जा संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए सभी सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत सोलर पैनल अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली बिल में कमी आएगी, पर्यावरण संरक्षण होगा तथा आत्मनिर्भर ऊर्जा व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि यदि स्वयं इस योजना को अपनाएंगे तो आम नागरिकों में भी सकारात्मक संदेश जाएगा और लोग नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति प्रेरित होंगे।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिले के स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं, शिक्षकों की उपलब्धता, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शाला भवनों की मरम्मत, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा परीक्षा परिणामों पर चर्चा की गई। सदस्यों ने कई विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, भवन मरम्मत तथा पेयजल जैसी समस्याओं को सामने रखा। इस पर अध्यक्ष श्री सार्वा ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए तथा विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही जिले के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, हैंडपंप मरम्मत, नल-जल योजनाओं की प्रगति तथा जल गुणवत्ता से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। गर्मी के मौसम को देखते हुए कई क्षेत्रों में जल संकट की आशंका पर सदस्यों ने चिंता व्यक्त की। इस पर विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि खराब हैंडपंपों की मरम्मत शीघ्र कराई जाए, जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लायी जाए तथा जहां पानी की समस्या है वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।सभा में उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं को भी प्रमुखता से रखा। ग्रामीण सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर सदस्यों ने सुझाव दिए। अध्यक्ष श्री सार्वा ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दे जनता की आवाज है इसलिए विभागीय अधिकारी इन पर प्राथमिकता से कार्य करें।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह ठाकुर ने बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के मार्गदर्शन में जिले में विकास योजनाओं का प्रभावी संचालन किया जा रहा है और आगामी समय में और बेहतर परिणाम सामने आएंगे।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!