Uncategorized

धमतरी में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर श्रमिक कल्याण का संकल्प दोहराया गया

₹5 में भोजन योजना सहित श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं की दी गई जानकारी

धमतरी, 01 मई 2026। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जिले के श्रम अन्न केंद्र में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रमिकों के राष्ट्र निर्माण में दिए जा रहे अमूल्य योगदान को सम्मानित करते हुए उनके कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिक साथियों का सम्मान कर उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना की गई। श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए श्रमिकों से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को जाना।
इस अवसर पर श्रमिकों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेष रूप से शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न सहायता योजना के बारे में विस्तार से बताया गया, जिसके अंतर्गत श्रमिकों को मात्र 5 रुपए में पौष्टिक एवं भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला श्रम पदाधिकारी श्री एन.के. साहू ने अपने संबोधन में श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करना तथा उनके हित में कार्य करना श्रम विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जिले के कुरूद, मगरलोड, नगरी एवं धमतरी जनपदों में संचालित मुख्यमंत्री श्रम संसाधन केंद्रों के माध्यम से श्रमिकों को पंजीयन सहित विभिन्न सुविधाएं निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं।
इसके साथ ही नवीन श्रमिक ऐप की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके माध्यम से श्रमिक आसानी से योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में जिले के लगभग 53 हजार छात्रों को लाभान्वित किया गया है, जो श्रमिक परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है।
शहर में वर्तमान में मकई गार्डन तथा तहसील कार्यालय के पास (गांधी मैदान) श्याम तराई क्षेत्र में श्रम अन्न केंद्र संचालित हैं, जहां श्रमिकों को मात्र 5 रुपए में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में श्रम विभाग की अधिकारी श्रीमती निम्मी पटेल, श्रीमती मनीषा साहू, श्री विजेंद्र चंद्राकर, श्री महेंद्र वर्मा, श्री सुनील साहू, श्री ज्ञानेंद्र यादव सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रमिकगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि नगर पंचायत नगरी में शीघ्र ही नवीन मुख्यमंत्री श्रम संसाधन केंद्र की स्थापना की जाएगी, जिससे क्षेत्र के श्रमिकों को और अधिक सुविधा मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!