मां राज राजेश्वरी की पूजा अर्चना में शामिल हुए कांग्रेसी नेता

धमतरी। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर गुरुवार की शाम शांति वाटिका धमतरी में मां राज राजेश्वरी द्वादश लक्ष्य अर्चन का आयोजन किया गया। दिनेश राठी, भावना राठी एवं श्री रावतपुरा सरकार भक्त मंडल धमतरी के तत्वावधान में हुए इस 12 लाख अर्चन कार्यक्रम में श्री रवि शंकर महाराज श्री रावतपुरा सरकार के सानिध्य में पूजा-अर्चना एवं प्रवचन हुआ। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता पूर्व विधायक कुरूद लेखराम साहू, पूर्व विधायक धमतरी हर्षद मेहता, संजय पाठक, भरत नाहर सहित बड़ी संख्या में धमतरी शहरवासी उपस्थित रहे। महाराज जी ने आशीर्वचन में कहा कि इतने बड़े आयोजन को सफल बनाने में आप सभी का सहयोग और मेहनत सराहनीय है। राज राजेश्वरी माता की यह पूजा-अर्चना यज्ञ फलदायिनी है।
प्रवचन के दौरान बताया गया कि महाराज जी का प्रथम धमतरी आगमन 1998 में हुआ था। उस समय धमतरी रायपुर जिले के अंतर्गत आता था। तब महाराज जी ने विंध्यवासिनी मंदिर और दंतेश्वरी मैया के दर्शन किए थे। उनके आगमन से धमतरीवासियों और भक्तों का कल्याण हुआ है। रावतपुरा सरकार श्री रवि शंकर जी आध्यात्मिक केंद्र स्थापित करने वाले प्रसिद्ध संत हैं। उन्होंने 2006 में संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए रावतपुरा में गुरुकुल, संस्कृत विद्यालय की स्थापना की। वर्ष 2000 में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के लिए श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण ट्रस्ट की स्थापना की। इसके तहत कई अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और रायपुर में SRU जैसे विश्वविद्यालय संचालित हो रहे हैं।
