Uncategorized

सुशासन तिहार को ले प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने दिए शिविरों में पुख्ता व्यवस्था के निर्देश

धमतरी। सुशासन तिहार के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिला अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि सुशासन तिहार के तहत आयोजित होने वाले सभी शिविरों में पहले से ही समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनसमस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए विभागीय समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता और समयबद्ध कार्यप्रणाली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। बैठक में शिविर स्थलों पर पेयजल, छाया, बैठक व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सतत मॉनिटरिंग करते हुए व्यवस्थाओं की गुणवत्ता बनाए रखने को कहा गया, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें और प्राप्त आवेदनों एवं प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब पर शून्य सहनशीलता बरती जाएगी।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद नभ सिंह कोसले, नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

शिविर का उद्देश्य लोगो को योजनाओं का लाभ देना

सुशासन तिहार के तहत शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न जनहितकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। इसमें आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों का त्वरित निराकरण, किसान पुस्तिका एवं स्वामित्व कार्ड का वितरण, उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसे लाभ शामिल हैं। आधार कार्ड का नवीन पंजीयन, सुधार, केवाईसी अपडेट और बैंक-आधार सीडिंग भी किया जाएगा।युवाओं के लिए लर्निंग लाइसेंस जारी किए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं के लंबित प्रकरणों का निराकरण और पूर्ण आवास हितग्राहियों का सम्मान किया जाएगा।

समस्याओं के समाधान को दी जा रही प्राथमिकता

स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, मेडिकल किट वितरण, एनीमिया जांच और टीबी मरीजों को पोषण किट दी जाएगी। पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, स्प्रिंकलर-स्पेयर पंप और मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण होगा।
गर्भवती महिलाओं के लिए गोदभराई कार्यक्रम, पोषण किट वितरण और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी होगा। पेयजल, हैंडपंप सुधार, घरेलू विद्युत कनेक्शन, सौर ऊर्जा कनेक्शन सहित स्थानीय समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!