स्वच्छता अभियान में नगर निगम की सख्त कार्रवाई: गंदगी फैलाने वाली एक डेयरी सील, 38,800 की हुई चालानी
हर में स्वच्छता बनाए रखना है सर्वोच्च प्राथमिकता,किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त-शशांक मिश्रा

धमतरी- शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत लगातार प्रभावी और सख्त कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त प्रिया गोयल के निर्देशानुसार निगम प्रशासन अब स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है।इसी क्रम में आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों एवं डेयरी संचालकों द्वारा स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाया गया, जिस पर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 38,800 की चालानी की।
विशेष रूप से डेयरी संचालकों द्वारा गंदगी फैलाने और नियमों की अनदेखी करने पर 2 संचालकों के खिलाफ चालान काटा गया, वहीं विनय गौली नामक डेयरी संचालक को अत्यधिक लापरवाही के चलते तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से अन्य व्यवसायियों में भी कड़ा संदेश गया है।इसके अलावा, सोरिद स्थित रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट संचालक को भी स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी किया गया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि 24 घंटे के भीतर 10,000 की पेनल्टी जमा नहीं की गई, तो प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान रामबाग से घड़ी चौक तक 4 किलोग्राम पॉलिथीन प्लास्टिक डिस्पोजल 10 नग जब्त की गई। साथ ही नगर निगम द्वारा दुकानों में कचरा इधर-उधर न फेंकने एवं डस्टबिन के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता स्टिकर भी लगाए गए। स्वास्थ अधिकारी शशांक मिश्रा ने बताया कि शहर में स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में सुनील सालुंके, धनेश सिन्हा, मुकेश साहू, राजेंद्र नाग, गिरवर सिन्हा, सुरेश सिन्हा, सुनील रजक, अश्वनी राजपूत, यशवंत पटेल, गोलू पटेल, जिनेंद्र मारकंडे सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें, कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। निगम का कहना है कि जनसहभागिता के बिना स्वच्छ शहर का सपना अधूरा है, इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
