साइबर जागृति अभियान के दूसरे सप्ताह में धमतरी पुलिस की व्यापक पहल:बैंकों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर नागरिकों एवं विद्यार्थियों को किया साइबर जागरूक
बैंकिंग फ्रॉड, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी लिंक, क्यूआर कोड, ओटीपी एवं सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाव के बताए महत्वपूर्ण उपाय

बैंकिंग फ्रॉड, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी लिंक, क्यूआर कोड, ओटीपी एवं सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाव के बताए महत्वपूर्ण उपाय
पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में “साइबर जागृति अभियान” के तहत 24 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न थाना/चौकी क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस टीमों ने बैंकों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर बैंक अधिकारी-कर्मचारियों, ग्राहकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को बैंकिंग फ्रॉड, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी के वाय सी , फर्जी कस्टमर केयर, क्यूआर कोड, संदिग्ध लिंक, ओटीपी एवं सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए।
नागरिकों को समझाइश दी गई कि राशि प्राप्त करने के लिए यूपीआई पीन की आवश्यकता नहीं होती। अनजान व्यक्ति के कहने पर क्यू आर कोड स्कैन न करें तथा ओटीपी , यूपी आई पिन , एटीएम पिन , सी वी वी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।
24 अगस्त को थाना कोतवाली द्वारा स्टेट बैंक धमतरी, थाना अर्जुनी द्वारा आमदी के विभिन्न बैंकों, थाना रूद्री द्वारा स्टेट बैंक कलेक्टोरेट शाखा, थाना कुरूद द्वारा सहकारी बैंक मरौद, थाना भखारा द्वारा जिला सहकारी बैंक एवं बैंक ऑफ बड़ौदा भखारा, थाना मगरलोड द्वारा स्टेट बैंक मगरलोड, चौकी बिरझर द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक दर्रा, चौकी करेली बड़ी द्वारा ग्रामीण बैंक करेली बड़ी, थाना अकलाडोंगरी द्वारा शासकीय माध्यमिक शाला अकलाडोंगरी, थाना नगरी द्वारा जिला सहकारी बैंक नगरी एवं थाना बोराई द्वारा जगत च्वाइस सेंटर बोराई में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
