Uncategorized

सुशासन तिहार : ग्राम सिवनीकला में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित, 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने लिया लाभ

विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण-पत्र वितरित,दिव्यांगजनों को ट्राइसिकल मिली

शिविर में कुल 539 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 537 आवेदन मांगों के
54 प्रकरणों का त्वरित निराकरण मौके पर ही किया गया

धमतरी- छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड कुरूद के ग्राम पंचायत सिवनीकला में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। यह अभियान 1 मई से 10 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
शिविर में ग्राम पंचायत सिवनीकला सहित सिर्री, गातापार (आ), कुल्हाड़ी, फुसेरा, दर्रा, खर्रा, संकरी, चिवरी, मरौद, अंटग, कोडेबोड़, धूमा, परसट्ठी एवं अछोटी सहित कुल 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
विभागीय जिला अधिकारियों ने राज्य शासन सहित अपने-अपने विभाग की योजनों की जानकारी दी । और हितग्राही कैसे लाभ ले सकते है । उसके बारे में, आवेदन करने, फ़ार्म कैसे भरना है । विस्तार से बताया।
शिविर में कुल 539 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 537 मांग एवं 02 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। प्राप्त मांगों में से 54 प्रकरणों का त्वरित निराकरण मौके पर ही किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ शासन की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू ने कहा कि राज्य शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन अब गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धमतरी गजेन्द्र ठाकुर ने कहा कि सुशासन तिहार शासन की जनकल्याणकारी सोच का प्रतीक है। इस अभियान के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कुलेश्वरी गायकवाड़, जनपद सदस्य टेकराम साहू, श्रीमती सिंधु बैस, ग्राम पंचायत सिवनीकला की सरपंच श्रीमती लता ध्रुव सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंचगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुरूद अमित सेन, कार्यपालन अभियंता बांध संभाग क्रमांक-02 रूद्री भूपेन्द्र कुमार मगेन्द्र, उपसंचालक पंचायत नकुल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र, चेक, कार्ड, उपकरण एवं सामग्री का वितरण किया।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नोनी सुरक्षा योजना अंतर्गत प्रमाण-पत्र तथा पोषण टोकरी का वितरण किया गया। कृषि विभाग द्वारा नील-हरित कार्ड, विद्युत विभाग द्वारा समाधान योजना एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से संबंधित लाभ प्रदान किए गए। वहीं राजस्व विभाग द्वारा बी-1 प्रमाण-पत्र, श्रम विभाग द्वारा नारी सशक्तिकरण योजना अंतर्गत सहायता राशि, समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को ट्राइसिकल तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निराकरण कर रहा है। शिविर में ग्रामीणों ने शासन की पहल की सराहना करते हुए इसे जनहितकारी एवं उपयोगी बताया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!