Uncategorized

कसावाही में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासन गंभीर : कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा

ग्रामीणों ने गर्मी में धान की फसल नहीं लेने का लिया संकल्प

धमतरी, 09 मई 2026/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा आज प्रातः धमतरी विकासखंड के ग्राम कसावाही पहुंचे और गांव में पेयजल व्यवस्था तथा ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गांव के बरगद एवं नीम के पेड़ की छांव में बैठकर ग्रामीणों, किसानों एवं महिलाओं से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि ग्राम में पिछले कुछ दिनों से पेयजल संकट की जानकारी प्राप्त हुई थी, जिसके निराकरण हेतु प्रशासन द्वारा तत्काल बोर खनन कराया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को तात्कालिक राहत मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल अस्थायी समाधान है तथा ग्राम में दीर्घकालिक एवं स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पाइपलाइन विस्तार एवं अन्य आवश्यक कार्यों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में पेयजल समस्या का स्थायी निराकरण किया जाएगा।
ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने जल संरक्षण और भू-जल स्तर बनाए रखने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने किसानों से अपील की कि आगामी वर्ष से ग्रीष्म ऋतु में धान की फसल लेने से बचें, क्योंकि अत्यधिक जल दोहन के कारण भू-जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है, जिससे गांवों में पेयजल संकट उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने कहा कि जल बचाना आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करना है। कलेक्टर की अपील पर उपस्थित ग्रामीणों एवं किसानों ने अगले वर्ष से गर्मी में धान की खेती नहीं करने तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की सामूहिक शपथ ली। इस पर कलेक्टर ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए इसे गांव के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर मुर्गीपालन, बकरीपालन एवं अन्य आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने इच्छुक महिलाओं को व्यक्तिगत स्तर पर भी मुर्गीपालन एवं बकरीपालन अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही किसानों को गर्मी में धान के स्थान पर सब्जी-भाजी, रागी एवं औषधीय फसलों जैसी कम पानी वाली वैकल्पिक खेती अपनाने की सलाह दी। कलेक्टर ने गांव के साफ़-सुधरा होने पर ग्रामीणों की तारीफ़ की । उन्होंने स्वच्छता सम्मान राशि भेट की ।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत भवन एवं स्कूल भवन में निर्माणाधीन शेड कार्यों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र ठाकुर, एसडीएम श्री पीयूष तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!