महापौर, सभापति के लिए ई-रिक्शा खरीदी की मांग को लेकर आयुक्त के नाम विपक्ष ने सौंपा ज्ञापन

धमतरी. नगर निगम की खराब आर्थिक स्थिति एवं लगातार बढ़ते डीजल खर्च को देखते हुए कांग्रेस पार्षद दल द्वारा आज नगर पालिक निगम आयुक्त के नाम महापौर एवं सभापति हेतु ई-रिक्शा खरीदी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने कहा कि निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, एवं वित्तीय अव्यवस्थाओं के कारण निगम आज गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। ऐसी स्थिति में डीजल वाहनों पर होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करने के लिए ई-रिक्शा का उपयोग एक किफायती एवं पर्यावरण हितैषी विकल्प साबित हो सकता है। उपनेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री के निर्देशों एवं ऊर्जा संरक्षण की भावना का पालन करते हुए महापौर एवं सभापति के लिए तत्काल ई-रिक्शा खरीदा जाए, ताकि निगम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ कम हो सके तथा बचाई गई राशि का उपयोग वार्डों के विकास एवं जनहित कार्यों में किया जा सके।

