Uncategorized

भखारा में कैंसर जांच शिविर एवं एचपीवी टीकाकरण अभियान संपन्न, सैकड़ों लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ

नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने की स्वास्थ्य शिविरों की सराहना

भखारा- सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भखारा में बुधवार को स्वास्थ्य जागरूकता एवं कैंसर रोकथाम को लेकर दो महत्वपूर्ण स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। एमएमआई नारायणा हेल्थ रायपुर के सहयोग से निःशुल्क कैंसर जांच शिविर एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में एचपीवी टीकाकरण स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। दोनों शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
निःशुल्क कैंसर जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. भरत भूषण (ऑन्कोलॉजी सर्जन) एवं डॉ. अवधेश भारत (रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट) द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। शिविर के दौरान कुल 106 लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग की गई, वहीं महिलाओं के लिए उपलब्ध कराई गई विशेष मैमोग्राम मशीन से 90 महिलाओं का मैमोग्राम परीक्षण किया गया। शिविर में महिलाओं के छाती कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, मुँह, गला एवं फेफड़ों से संबंधित जांच की सुविधा उपलब्ध रही।
चिकित्सकों ने लोगों को कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि समय पर जांच एवं उपचार से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने महिलाओं के शरीर में गाँठ, लगातार घाव, कमजोरी, थकान एवं बिना कारण वजन कम होने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी।
इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में एचपीवी टीकाकरण स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में नगर सहित आसपास के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों से बड़ी संख्या में बालिकाएं एवं युवतियां टीकाकरण कराने पहुंचीं। शाम तक चले इस अभियान में 46 युवतियों का सफलतापूर्वक एचपीवी टीकाकरण किया गया।स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपस्थित लोगों को बताया गया कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी है तथा 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए यह टीकाकरण विशेष रूप से लाभकारी माना जाता है। समय पर टीकाकरण से भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने दोनों स्वास्थ्य शिविरों की सराहना करते हुए उपस्थित लोगों को अच्छे स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवतियों को टीकाकरण प्रमाण पत्र वितरित किए तथा नागरिकों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, नियमित जांच कराने एवं समय पर टीकाकरण करवाने की अपील की।
इस अवसर पर बीएमओ डॉ. हेमराज देवांगन, सीएमओ हरिकृष्ण पावरिया, डॉ. गौरव बंगानी, सभापति गण हितेंद्र साहू, छबिलाल निर्मलकर, नेता प्रतिपक्ष अविनाश गौर बिट्टू, भूपेश्वरी चंदेल, गौतमी पटेल, झम्मन साहू, भूपेंद्र यादव, परदेसी कंवर सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला एवं नगर के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!