Uncategorized

कांग्रेस पार्षदों द्वारा निगम का घेराव करना केवल राजनीतिक दिखावा और जनता को भ्रमित करने का प्रयास है-अखिलेश सोनकर

जिस समय कांग्रेसजन निगम गेट के सामने प्रदर्शन कर रहे थे, उसी समय कर्मचारी संबंधित वार्ड में पाइपलाइन सुधार एवं खुदाई कार्य कर रहे थे

धमतरी जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने कहा कि नगर निगम के जल विभाग द्वारा शहर में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने लगातार कार्य किया जा रहा है। इसके बावजूद कांग्रेस पार्षदों द्वारा निगम का घेराव करना केवल राजनीतिक दिखावा और जनता को भ्रमित करने का प्रयास है। जिस गंदे पानी की शिकायत को लेकर आज निगम कार्यालय का घेराव किया गया, उस क्षेत्र में नगर निगम की टीम पहले से लगातार सुधार कार्य में लगी हुई थी। जिस समय कांग्रेसजन निगम गेट के सामने प्रदर्शन कर रहे थे, उसी समय कर्मचारी संबंधित वार्ड में पाइपलाइन सुधार एवं खुदाई कार्य कर रहे थे।
जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने बताया कि नगर निगम महापौर रामू रोहरा के मार्गदर्शन में पूरी टीम शहरवासियों को सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने के लिए दिन-रात कार्य कर रही है। कुछ दिन पूर्व हटकेश्वर वार्ड में पानी नहीं आने की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर जल विभाग की टीम ने भीषण गर्मी में लगातार मेहनत करते हुए लगभग दो स्थानों पर 55 फीट गहराई तक जड़ निकालकर समस्या का समाधान किया और वार्ड में पानी की आपूर्ति पुनः सुचारू की गई।उन्होंने कहा कि डाक बंगला वार्ड एवं बठेना वार्ड में इंटरकनेक्शन का कार्य किया गया था। नए पाइपलाइन इंटरकनेक्शन के दौरान कुछ समय के लिए गंदा पानी आने की संभावना रहती है, जिसकी जानकारी नगर निगम द्वारा पहले ही मुनादी और नागरिकों को व्यक्तिगत रूप से दी जाती है कि साफ पानी आने तक उसे पीने में उपयोग न करें। इसी प्रकार 20 तारीख को सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड में भी इंटरकनेक्शन खोला गया था, जहां प्रारंभिक समय में हल्का गंदा पानी आया, लेकिन वहां भी निगम की टीम द्वारा घर-घर जाकर लोगों को जानकारी दी गई।
अखिलेश सोनकर ने कहा कि जहां-जहां पानी या गंदे पानी की शिकायत मिलती है, वहां वे स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्यों की निगरानी करते हैं। कांग्रेस के पास अब कोई जनहित का मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए केवल अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराने और मीडिया में बने रहने के लिए इस प्रकार के निरर्थक आंदोलन किए जा रहे हैं। शहर की जनता सब समझती है और जानती है कि नगर निगम की टीम पूरी जिम्मेदारी और संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!