अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ा प्रहार: 4 अलग- अलग प्रकरणों पर कार्यवाही में 4 आरोपी गिरफ्तार
थाना मगरलोड, कुरूद एवं चौकी बिरेझर पुलिस की सख्त कार्यवाही,अवैध शराब,नगदी रकम,प्रयुक्त वाहन सहित कुल 28,230 रु.जप्त

थाना मगरलोड, थाना कुरूद एवं चौकी बिरेझर पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर प्रभावी रेड कार्यवाही करते हुए अवैध शराब बिक्री में संलिप्त 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब, नगदी रकम एवं वाहन जप्त किया गया।
थाना मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बेलरदोना मार्ग स्थित शराब भट्ठी आहता में एक व्यक्ति अवैध रूप से भारी मात्रा में बियर रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्यवाही की गई। पुलिस को देखकर शराब खरीदने वाले लोग मौके से फरार हो गए, वहीं शराब बिक्री करते एक व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम उत्तम निषाद उर्फ राजा पिता रमेशर निषाद 27 वर्ष निवासी मथुरानगर मगरलोड थाना मगरलोड जिला धमतरी बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से सफेद रंग के कपड़े के झोले में रखी 17 नग केन बियर प्रत्येक में 500-500 एमएल कुल 8.500 लीटर बियर शराब कीमती 3230 रुपये एवं बिक्री रकम 1300 रुपये, कुल जुमला 4530 रुपये जप्त किया गया।आरोपी के पास शराब रखने एवं बिक्री करने संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 83/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया।
थाना कुरूद पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पंचायत के पास ग्राम गाड़ाडीह में एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल रेड कार्यवाही की गई। मौके पर शराब खरीदने वाले लोग फरार हो गए, जबकि आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गिरधर साहू पिता स्व. रामनारायण साहू 43 वर्ष निवासी ग्राम गाड़ाडीह थाना कुरूद जिला धमतरी बताया।आरोपी के कब्जे से लाल रंग के प्लास्टिक थैले में रखी 15 पौवा शोले देशी मसाला शराब कुल 2.700 लीटर शराब कीमती 1500 रुपये एवं बिक्री रकम 350 रुपये, कुल जुमला 1850 रुपये जप्त किया गया।आरोपी के विरुद्ध थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 152/2026 धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई।
थाना कुरूद पुलिस द्वारा नया बाजार कुरूद क्षेत्र में कार्यवाही करते हुए आरोपी को सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से शराब बिक्री करते रंगे हाथ पकड़ा गया।
आरोपी के कब्जे से 6 पौवा देशी प्लेन शराब कीमती 480 रुपये, 4 पौवा देशी मसाला शराब कीमती 400 रुपये, बिक्री रकम 300 रुपये एवं पुरानी इस्तेमाली होंडा एक्टिवा वाहन कीमती 20,000 रुपये जप्त किया गया।कुल जुमला 21,180 रुपये रहा।आरोपी किशोर कुमार ध्रुव पिता स्व. ऋषिराम ध्रुव 38 वर्ष निवासी इंद्रा नगर कुरूद के विरुद्ध थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 154/26 धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई।
चौकी बिरेझर पुलिस द्वारा ग्राम सोनपुर बड़े नहर नाली के पास घेराबंदी कर कार्यवाही की गई, जहां आरोपी सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से शराब बिक्री करते पकड़ा गया।आरोपी के कब्जे से 17 पौवा देशी शराब कीमती 1,700 रुपये एवं बिक्री रकम 150 रुपये कुल जुमला 1,850 रुपये जप्त किया गया।आरोपी कमलेश कुमार टण्डन पिता सिताराम 35 वर्ष निवासी मरौद थाना कुरूद जिला धमतरी के विरुद्ध चौकी बिरेझर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 153/26 धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई।
