Uncategorized

ट्राइसाइकिल ने आसान किया दिव्यांग छात्र नागेश देशमुख का सफर


धमतरी। धमतरी विकासखंड के ग्राम पीपरछेड़ी में 21 मई को आयोजित सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविर दिव्यांग युवक नागेश देशमुख के जीवन में नई उम्मीद लेकर आया। वर्षों से कठिनाइयों के बीच शिक्षा प्राप्त कर रहे नागेश के लिए यह दिन इसलिए खास बन गया, क्योंकि उन्हें राजस्व मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के हाथों ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। यह केवल एक सहायक उपकरण नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, स्वाभिमान और सपनों को नई दिशा देने वाला माध्यम साबित हुआ। ग्राम पीपरछेड़ी निवासी नागेश देशमुख शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद पढ़ाई के प्रति हमेशा गंभीर और समर्पित रहे हैं। सीमित संसाधनों और रोजमर्रा की परेशानियों के बीच भी उन्होंने हार नहीं मानी। स्कूल आने-जाने में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसके बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और मेहनत के दम पर 11 वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। वर्तमान में वे आगे की पढ़ाई कर अपने भविष्य को संवारने की तैयारी कर रहे हैं। सुशासन तिहार के दौरान आयोजित समाधान शिविर में जब उनकी आवश्यकता को समझते हुए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई, तो नागेश की खुशी देखते ही बन रही थी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!