Uncategorized

बारिश से पहले एक्शन मोड में निगम, सफाई में लापरवाही पर होगी सख्ती : महापौर रामू रोहरा

धमतरी। आगामी बारिश को देखते हुए नगर पालिक निगम धमतरी ने सफाई व्यवस्था को लेकर तैयारी तेज कर दी है। शहर में जलभराव, गंदगी और बीमारियों की आशंका को रोकने के लिए महापौर रामू रोहरा ने विभाग प्रभारी निलेश लुनिया ,निगम अधिकारियों, स्वास्थ्य अमले और सुपरवाइजरों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर सख्त निर्देश जारी किए। महापौर ने दो टूक कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बारिश शुरू होने से पहले सभी नालियों की सफाई हर हाल में पूरी कर ली जाए।
बैठक में शहर की मौजूदा सफाई व्यवस्था, कचरा उठाव, नालियों की स्थिति, संसाधनों की उपलब्धता और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने महापौर को बताया कि विभिन्न वार्डों में नालियों की सफाई का कार्य चल रहा है तथा अतिरिक्त कर्मचारियों की मदद से अभियान को तेज किया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि बरसात के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी नागरिकों के लिए बड़ी समस्या बन सकती है। जलभराव की स्थिति से सड़कें प्रभावित होती हैं और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए निगम प्रशासन को पहले से पूरी तैयारी करनी होगी। उन्होंने निर्देशित किया कि शहर के सभी बड़े नालों, छोटी नालियों और जल निकासी मार्गों की विशेष सफाई कराई जाए ताकि बारिश का पानी बिना रुकावट निकल सके।

*शहर को 8 जोन में बांटकर होगी मॉनिटरिंग*

सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत और जवाबदेह बनाने नगर निगम द्वारा शहर को 8 जोन में विभाजित करने का निर्णय लिया गया है। प्रत्येक जोन में अलग-अलग जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा संबंधित पार्षद सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे। महापौर ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की निगरानी से वार्ड स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और कर्मचारियों की जवाबदेही भी बढ़ेगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर जोन में नियमित निरीक्षण किया जाए और सफाई कार्य की प्रतिदिन रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत की जाए। जहां शिकायतें अधिक मिल रही हैं, वहां विशेष अभियान चलाकर तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सुपरवाइजर सुबह 6से दोपहर 2 बजे तक अपने अपने क्षेत्रों में काम करेंगे।
कचरा उठाव और नाली सफाई में तेजी लाने के निर्देश
महापौर ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को भी प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर में कहीं भी कचरे का ढेर दिखाई नहीं देना चाहिए। सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली पर लगातार निगरानी रखी जाए। निगम के स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी वार्डों में नियमित फॉगिंग, ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव और सफाई अभियान चलाया जाए ताकि बारिश के मौसम में बीमारियों पर नियंत्रण रखा जा सके।

*नागरिकों से भी सहयोग की अपील*

महापौर रामू रोहरा ने शहरवासियों से भी सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक घरों और दुकानों का कचरा नालियों या सड़कों पर न फेंके। स्वच्छ शहर बनाने में प्रशासन के साथ आम जनता की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। निगम का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि धमतरी को स्वच्छ, स्वस्थ और व्यवस्थित शहर बनाना है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!