कौशल विकास से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं बेटियां : मोनिका ऋषभ देवांगन
मधुरिमा गुरुकुल कौशल विकास संस्थान के फेयरवेल एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन

मधुरिमा गुरुकुल कौशल विकास संस्थान ग्राम कोलियारी जो की 19 फरवरी 2026 को यह संस्थान शुभारंभ हुआ , जिनका प्रथम बैच का फेयरवेल एवं सर्टिफिकेट डिस्ट्रीब्यूशन सेरेमनी कार्यक्रम में असिस्टेंट ब्यूटी थैरेपिस्ट (बैच-01) की प्रशिक्षार्थी बालिकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में भाजपा मंडल गंगरेल अध्यक्ष एवं जिला पंचायत धमतरी की सभापति (महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग) श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।इस अवसर पर संस्थान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी सामने आई, जिसमें असिस्टेंट ब्यूटी थैरेपिस्ट प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छह बालिकाओं का चयन अहमदाबाद स्थित बोनांजा सैलून में रोजगार हेतु किया गया है। कार्यक्रम के दौरान चयनित बालिकाओं को उनके नियुक्ति पत्र (अपॉइंटमेंट लेटर) भी प्रदान किए गए। इस उपलब्धि पर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त किया तथा छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।मुख्य अतिथि श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में कौशल विकास ही युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि केवल शैक्षणिक डिग्री ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक कौशल भी सफलता की कुंजी है। संस्थान द्वारा युवतियों को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का कार्य अत्यंत सराहनीय है। मेरे लिए शुभारंभ एवं फेयरवेल अवसर दोनों ही अवसर पर उपस्थित होना सौभाग्य की बात है।आज का दिन केवल प्रमाण पत्र वितरण का नहीं, बल्कि सपनों को नई उड़ान देने का दिन है। छह बेटियों का अहमदाबाद के प्रतिष्ठित बोनांजा सैलून में चयन होना इस बात का प्रमाण है कि यदि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन मिले तो सफलता निश्चित है। बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
श्रीमती देवांगन ने प्रशिक्षार्थियों को जीवन में निरंतर सीखते रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने और अपने कौशल को समाज एवं राष्ट्र निर्माण में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा अपने भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे अवसरों में परिवर्तित करे, तभी वास्तविक सफलता प्राप्त होगी।कार्यक्रम में संस्थान के संस्थापिका सुनिता केला जी प्रशिक्षकगण विश्वेंद्र प्रताप सिंहजी, वरुण जी ,निधि जी, एवं मधुरिमा परिवार के सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे। अंत में सभी सफल छात्राओं एवं नियुक्ति प्राप्त करने वाली बालिकाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
