कल होने वाले साइकिल रेस प्रतियोगिता के लिए विभिन्न राज्यों से 550 पंजीयन
गंगरेल बांध में 14 जून को होगी साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता, विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार

धमतरी। युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जय माँ कामाख्या जन कल्याण सेवा समिति, धमतरी द्वारा 14 जून, रविवार को गंगरेल बांध में भव्य साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 6 बजे से होगा। आयोजन को लेकर जिले के युवाओं और खेल प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजक खुबलाल ध्रुव ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। साथ ही युवाओं एवं महिलाओं की रेस भी अलग-अलग आयोजित की जाएगी, जिससे सभी प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
अलग अलग केटेगरी
प्रतियोगिता में 5 से 10 वर्ष, 10 से 15 वर्ष तथा 16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। छोटे बच्चों के लिए 4 किलोमीटर तथा बड़े वर्ग के लिए 12 किलोमीटर की दूरी निर्धारित की गई है। 5 से 10 वर्ष के बच्चों के लिए पहला इनाम 2100रु, 10 से 15 वर्ष के बच्चों के लिए 5000रु इनाम के अलावा अन्य इनाम भी रखे गए हैं ।प्रतियोगिता में प्रथम से लेकर छठे स्थान तक आने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
बालक वर्ग (16 वर्ष से अधिक) में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 25 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपये रखा गया है। वहीं बालिका वर्ग में प्रथम पुरस्कार 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। अन्य आयु वर्गों के लिए भी आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई है।
आयोजकों ने बताया कि गंगरेल बांध की प्राकृतिक वादियों के बीच आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता जिले के खेल इतिहास की एक यादगार प्रतियोगिता साबित होगी। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ साइकिलिंग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
विभिन्न राज्यों से आ रहे प्रतिभागी
आयोजन समिति ने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों, विद्यार्थियों तथा साइकिलिंग प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। पंजीयन की प्रक्रिया जारी है तथा इच्छुक प्रतिभागी आयोजकों से संपर्क कर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।आयोजक खूबलाल ध्रुव ने बताया कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार,उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से 542 पंजीयन आ चुका है।कुछ लोग पहुंचना भी शुरू कर दिए हैं। लोगों में जबरदस्त जुनून देखने को मिल रहा है। जो आ रहे हैं उनके रुकने,खाने की व्यवस्था भी करवाई गई है।


