Uncategorized

योग केवल व्यायाम नहीं, स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार – अरुण सार्वा

धमतरी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।
अरुण सार्वा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। नियमित योगाभ्यास से जीवनशैली से जुड़ी अनेक बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है तथा व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनता है।उन्होंने जिले के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं विद्यार्थियों से अपील की कि वे 21 जून को आयोजित योग कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि योग एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य की भावना को साकार करता है तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!