प्रकाश बैस व महेंद्र पंडित ने कहा योग भारत की अमूल्य धरोहर, हर नागरिक योग को अपनाए

धमतरी- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस एवं जिला महामंत्री महेंद्र पंडित ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक संख्या में योग कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।
दोनों नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को विश्व स्तर पर नई पहचान मिली है। आज दुनिया के अनेक देशों में योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपरा का सम्मान है। प्रधानमंत्री का संदेश है कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का माध्यम है।
प्रकाश बैस एवं महेंद्र पंडित ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी प्रदेशवासियों को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दे रहे हैं। मुख्यमंत्री का मानना है कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार भी योग और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से शारीरिक क्षमता बढ़ती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। योग आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में स्वास्थ्य और संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
भाजपा नेताओं ने जिले के युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं वरिष्ठ नागरिकों से 21 जून को आयोजित योग शिविरों और सामूहिक योग कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।