Uncategorized

डिवाइडर निर्माण कार्य में अनियमितता की अवैश हाशमी ने कलेक्टर से की शिकायत

कहा पुराना पेंट न हटाकर, सतह न खुरदरा कर सीधे साचा डाला जा रहा, अपर कलेक्टर ने जांच का आश्वासन दिया


धमतरी। पूर्व पार्षद अवैश हाशमी ने सोमवार को जनदर्शन में अपर कलेक्टर को लिखित शिकायत कर बताया कि मकई चौक, रत्नाबांधा चौक और आंबेडकर चौक होते हुए श्यामतराई तक जो डिवाइडर बनाया जा रहा है, उसकी बुनियाद ही गलत है। पुराने डिवाइडर पर चढ़ा पुराना वार्निश और पेंट की परत हटाई ही नहीं गई। नए कंक्रीट को पकडऩे के लिए जरूरी चीनी हथौड़ी से सतह खुरदरी नहीं की गई। डामर रोड की पुरानी सतह को खोदकर नींव तैयार करने के बजाय, पुराने डिवाइडर को बिना साफ किए उसके ऊपर सीधे साचा लगाकर कंक्रीट भर दी जा रही है। सीमेंट और पुरानी पेंटेड सतह के बीच कोई बॉन्डिंग नहीं बनेगी। ये निर्माण मानसून की 2-3 बारिश भी नहीं झेल पाएगा। पूर्व पार्षद हाशमी ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और संबंधित एजेंसी शहरवासियों की आंखों में धूल नहीं झोंक रहे बल्कि खुलेआम अनियमितता बरती जा रही है। पहले गुणवत्ताविहीन काम छिपाकर होते थे, अब तो दिन-दहाड़े, मुख्य मार्ग पर, सबके सामने बिना तकनीकी प्रक्रिया के काम किया जा रहा है। हाशमी ने मांग की कि निर्माण कार्य तत्काल रोका जाए, पीडब्ल्यूडी व नगर निगम के इंजीनियरों से तकनीकी जांच कराई जाए और जो भी गलत काम हुआ है उसे तोड़कर मानक अनुसार नया निर्माण कराया जाए। साथ ही जिम्मेदारो पर कार्रवाई की जाए। हाशमी की शिकायत सुनने के बाद अपर कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!